भदोही में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 65 लाख रुपये कीमत के अवैध गांजे के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भदोही। जिले की पुलिस ने ओडिशा से अवैध गांजे की तस्करी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े एक तस्कर को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से तीन क्विंटल से अधिक मात्रा में गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई जा रही है। ये जानकारी पुलिस ने दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि शुक्रवार तड़के ऊंज थानाक्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर जांच के दौरान एक ट्रक को रोककर उसमें छानबीन की गयी। इस दौरान ट्रक से दस बोरों में भरा तीन कुंतल से अधिक अवैध गांजा बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि यह गांजा तस्कर ओडिशा के जंगलों से प्रदेश के कानपुर में बेचने के लिए ले जा रहे थे।

राजेश भारती ने जानकारी दी कि ओडिशा के अंगुल जिले में थाना जरपड़ा निवासी स्वामी दिलेश्वर दास अवैध गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का सरगना है, जो शुक्रवार को सुबह अपने साथी मनोज कुमार रावत के साथ ट्रक से कानपुर जा रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जैसे ही ट्रक को रोका तो दिलेश्‍वर दास मौके से भागने में सफल हो गया जबकि मनोज कुमार पकड़ा गया। भारती ने बताया कि जो गांजा पकड़ा गया है उसकी कीमत करीब 65 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। बाकी की कार्रवाई जारी है। 

यह भी पढ़ें: अंबेडकरनगर से STF ने पूर्व विधायक पवन पांडेय को किया गिरफ्तार, हड़कंप

संबंधित समाचार