बलिया में 480 किलोग्राम पटाखे के साथ चार लोग गिरफ्तार
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से अवैध रूप से जमा किए गए 480 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए हैं। बलिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एस. आनंद ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस एवं स्वाट की टीम ने शुक्रवार को चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखे जमा करने के आरोप में राजेन्द्र प्रसाद, रोहित कुमार, सचिन एवं त्रिभुवन प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 480 किलोग्राम अवैध पटाखा बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले के संबंध में चितबड़ागांव थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
यह भी पढ़ें:-यूपी में बिजली उपभोक्ता को बड़ी राहत: सरचार्ज में छूट देने के लिए एकमुश्त समाधान योजना लागू
