अयोध्या मेडिकल कॉलेज में अंदर मशीन खराब, बाहर एक हजार की जांच
मेडिकल कालेज में विटामिन बी 12 की जांच एक माह से है ठप
अयोध्या, अमृत विचार। मेडिकल कालेज में पिछले एक माह से विटामिन बी 12 की जांच ठप चल रही है। ऐसे में मरीजों को बाहर से जांच कराने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। तकरीबन एक हजार रुपये में होने वाली इस जांच के बारे में सभी डॉक्टरों को भी अवगत करा दिया गया है, जिसके बाद ओपीडी में बाहर से जांचें लिखने का खेल चल रहा है।
बायोकेमेस्ट्री लैब की हार्मोनल मशीन में किट का टोटा बताकर मरीजों को लौटाया जा रहा है। नोडल अधिकारी डॉ. मनीष वर्मा ने बताया कि किट की डिमांड की गई है। प्रिंसिपल को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। दो-तीन दिन के अंदर जांच शुरू हो जाएगी।
खराब मशीन की सुधि नहीं, लेंगे नई
मेडिकल कालेज में जांच मशीन के मरम्मत की किसी को भी सुधि नहीं है। बायोकेमिस्ट्री लैब में ही लगी सेलेक्ट्रा जांच मशीन 10 दिन से बंद पड़ी है। अब सारा लोड दूसरी मशीन पर आ गया है, जिस कारण जांच की गति थम गई है। डॉ मनीष वर्मा ने बताया कि एक नई जांच मशीन ली जा रही है, जिसमें एक बार में लिवर और किडनी के 400 टेस्ट एक साथ लग सकेंगे।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: भूकंप से गिरा सरकारी विद्यालय का छज्जा, दिन में आता 'EARTHQUAKE' तो हो सकता था बड़ा हादसा!
