Kanpur Accident: ट्रक की टक्कर से मां-बेटी की मौत... रोड पार करने के दौरान हुआ हादसा
कानपुर में ट्रक की टक्कर से मां-बेटी की मौत।
कानपुर के गुजैनी थानाक्षेत्र में ट्रक की टक्कर से मां-बेटी की मौत हो गई। रोड पार करने के दौरान हादसा हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कानपुर, अमृत विचार। पारिवारिक समारोह में शामिल होने जा रही मां-बेटी को सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने गुजैनी हाईवे पर कुचल दिया। हादसे में मां-बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी देकर शव पोस्टमार्टम भिजवाया। वहीं ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
कानपुर देहात के गजनेर थानाक्षेत्र अन्तर्गत ढूढा देव गांव निवासी किसान लालजी ने बताया कि उनके परिवार में पत्नी सीमा देवी (42), एक वर्षीय बेटी मारिया और दो बेटे शिवा व काशी है। बताया कि रविवार को पतरसा स्थित रिश्तेदार मुन्नो के घर में मुंडन संस्कार समारोह था। जिसमें शामिल होने के लिए लालजी पत्नी सीमा, तीनों बच्चों व भतीजे अजीत के साथ जा रहे थे।
लालजी ने बताया कि समारोह में शामिल होने से पहले वह सीमा के साथ उसकी छोटी बहन लक्ष्मी के घर जाने के लिए गुजैनी हाईवे पर उतरे थे। गुजैनी हाईवे पर उतरने के बाद वह सवारी के लिए रोड पर कर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक सीमा और उनकी बेटी मारिया को टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों ने हादसे की जानकारी गुजैनी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी देकर शव को पोस्टमार्टम भिजवाया। थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि ट्रक की टक्कर से मां-बेटी की मौत हुई है। हादसे की जानकारी परिजनों के दे दी गई है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: कानून के रखवालों की काली करतूतों से वर्दी शर्मसार, इन घटनाओं ने खाकी के दामन पर लगाया दाग
