मुरादाबाद: हत्या के प्रयास व लूट में छह लोगों के खिलाफ एफआईआर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बीमार पिता का इलाज करने मुरादाबाद आया था उधमसिंह नगर का व्यक्ति

मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तराखंड के रहने वाले व्यक्ति की तहरीर पर हत्या का प्रयास और लूट के मामले में रविवार देर शाम गलशहीद थाने में चार नामजद और दो अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर हुई है। कटघर थाना क्षेत्र के देहरी गांव बल्देवपुरी नाला पार का दीपक, बहन सरोज, इनकी मां ज्योति और अमरोहा के चंदन उर्फ अजयपाल नामजद हुए हैं।

पीड़ित विनोद पाल उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के भूड़ महोलिया राजीव नगर खटीमा के रहने वाले हैं। उनका आरोप है कि दो अगस्त की सुबह 11 बजे गांधी नगर में रोडवेज बस अड्डा के पास एक क्लीनिक के सामने उनके साथ घटना हुई थी। उस दिन वह बीमार पिता लालजी को इलाज के लिए मुरादाबाद में क्लीनिक पर लाए थे, जहां आरोपी घात लगाए मिल गए। आरोपियों ने उससे गाली-गलौज की और उस पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया था। जिससे वह घायल हो गए थे। पिता के इलाज के लिए उनके पास 3,000 रुपये थे।

 वे भी आरोपी लूट ले गए थे। पीड़ित ने बताया कि तीन अगस्त को उसके परिजन उसे मुरादाबाद जिला अस्पताल लाए थे। यहां उसका प्राथमिक उपचार हुआ था। इससे पहले मुरादाबाद कचहरी में वह एक मुकदमे की पैरवी में आया था, जहां उन लोगों ने उससे झगड़ा किया था। हर बार ये आरोपी विनोद पाल को गाली-गलौज कर जान से ही मारने की धमकाते हैं।

 दो अगस्त को हुई घटना के संबंध में वह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के सामने उनके कार्यालय में हाजिर हुआ था, लेकिन, उसकी एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस की कार्यशैली से निराश होकर उसने न्यायालय की शरण ली, जहां से थानाध्यक्ष को एफआईआर दर्ज करने के आदेश हुए। विनोद का आरोप है कि नामजद आरोपी दीपक गांजा की तस्करी करता है। थानाध्यक्ष मोहित कुमार ने बताया कि विनोद पाल के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : नया गन्ना पेराई सत्र शुरू, पर बकाया गन्ना मूल्य का नहीं हुआ भुगतान...धरना प्रदर्शन भी कर चुके हैं किसान

संबंधित समाचार