पीलीभीत: माननीय के खास चेयरमैन पति की शिकायत पर लटका दिए ताले, अब होगा सत्यापन...जानिए मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत/ बीसलपुर, अमृत विचार। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत वितरित होने वाले खाद्यान्न की कालाबाजारी करने पर  दो कोटेदारों के गोदाम एसडीएम की मौजूदगी में सील किए गए।  नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि की शिकायत पर कार्रवाई की गई।

बता दें नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अमन जायसवाल उर्फ निक्की ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी।जिसमें बताया था कि नगर में उपभोक्ताओं को मानक से कम राशन देकर उसकी कालाबाजारी की जा रही है।

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत उचितदर विक्रेता द्वारा प्रत्येक  माह एक बार खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है। प्रथम बार दो किलो गेहूं तीन किलो चावल उपभोक्ताओं को दिए जाने के निर्देश शासन द्वारा जारी किए गए हैं। वितरण कार्य में उचित दर विक्रेता उपभोक्ताओं का प्रति यूनिट 500 ग्राम से अधिक राशन कम देकर अनाज गायब कर रहे हैं।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एडीएम वित्त एवं राजस्व राम सिंह गौतम से जांच कराई गई। एडीएम के निर्देश पर सोमवार दोपहर 12 बजे एसडीएम महिपाल सिंह ने नायब तहसीलदार रमेश चंद्र, पूर्ति निरीक्षक रमेश शुक्ला के साथ पहुंचकर मोहल्ला बख्तावरलाल में उचित दर विक्रेता रेखा जायसवाल की गोदाम पर छापा मारा।

गोदाम बंद पाया गया। सूचना देने के बाद भी उचित दर  विक्रेता द्वारा खाद्यान्न वितरण सत्यापन कराने नहीं आया। इस पर गोदाम को सील कर दिया गया। इसके अलावा मनोज कुमार की कोटे की दुकान भी बंद पाई गई। दुकान के गोदाम को सील  कर दिया गया। टीम ने अनिल गुप्ता की दुकान का भी निरीक्षण किया। छापा मार करवाई से नगर के उच्च दर विक्रेताओं में घंटों खलबली मची रही। एसडीएम ने बताया कि गोदाम सील कर दिए गए हैं।सत्यापन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत : किसी ने लिखा पदनाम, कोई जाति-धर्म प्रदर्शित कर दौड़ा रहा वाहन...कैसा यातायात माह!

संबंधित समाचार