बरेली: गंभीर मरीज भेजे रहे हायर सेंटर, एचडीयू का संचालन नहीं करवा पा रहे अफसर
बजट मिलने के बाद भी जिला महिला अस्पताल में हाई डिपेंडेंसी यूनिट का निर्माण अटका
फोटो- जिला महिला अस्पताल स्थित एचडीयू भवन में लटका ताला
बरेली, अमृत विचार। गंभीर महिला मरीजों के लिए जिला महिला अस्पताल में हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) का संचालन अभी तक नहीं हो सका है। बजट जारी होने के बाद भी निर्माण पूरा नहीं हुआ है। गंभीर मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। वहीं, जिस पोस्ट पार्टम कक्ष में यूनिट का निर्माण चल रहा था। वहां कई महीनों से ताला लटका हुआ है।
शासन ने एचडीयू को स्थापित करने के लिए करीब एक साल पहले प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके लिए करीब दस लाख रुपये का बजट आवंटित किया था। उम्मीद थी कि जल्द निर्माण पूरा हो जाएगा, मगर ऐसा नहीं हुआ। दरअसल, अस्पताल प्रशासन एचडीयू संचालन के प्रति गंभीर नहीं है।
लेबर रूम वाले भवन में जहां पूर्व में पोस्टपार्टम कक्ष था, वहां एचडीयू का निर्माण हो रहा है, लेकिन बीते कई माह से यहां कक्ष पर ताला लटका हुआ है। इसके साथ ही अन्य सुविधाएं भी अभी अधूरी हैं। जबकि 6 माह पूर्व ही शासन स्तर से यूनिट स्थापित करने के लिए बजट भेज दिया गया था। मानव संसाधन की तैनाती को लेकर शासन स्तर से भी कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
एचडीयू में ये सुविधाएं मिलेंगी
हाई डिपेंडेंसी यूनिट में मॉनिटर के साथ बाई पेप मशीन की सुविधा होगी। मरीजों को तत्काल इलाज मुहैया करवाया जाएगा। जरूरत पर मरीज को बेड पर ही सारी सुविधाएं मिलेंगी। उसे अन्य विभागों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। डॉक्टर, नर्स समेत स्टाफ की एक अलग टीम तैनात रहेगी, ताकि मरीजों की उचित देखभाल की जा सके। मरीजों के इलाज के लिए आठ बेड की उपलब्धता होगी।
यह भी पढ़ें- इंटरनेट से रहें सावधान! बच्चे हो रहे हैं डिसऑर्डर के शिकार, जानिए बचने के उपाय
