अमरोहा: नाजरा ने 24 घंटे पहले छोड़ दिया था खाना-पीना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई लटकने से मौत की पुष्टि

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा/ अमृत विचार। नौगावां सादात थाना क्षेत्र में फंदे पर लटकी मिली महिला ने 24 घंटे पहले ही खाना-पीना छोड़ दिया था। पैनल में शामिल दो चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टी की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत लटकने से होने की पुष्टि की गई है। पोस्टमार्टम के बाद मायके वालों ने शव सुपुर्दे खाक कर दिया है। पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अभी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

जनपद संभल के थाना असमोली क्षेत्र के गांव ओबरी निवासी बब्बर अली ने बेटी नाजरा उर्फ भूरी की शादी एक साल पहले नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी आजम के साथ की थी। आजम बेंगलुरु में इलेक्ट्रिशियन है। रविवार की रात नाजरा का शव ससुराल में फंदे पर लटका मिला था। इससे पहले उसने भाई व पति से मोबाइल पर बात भी की थी।

 विवाद के बीच वह पांच दिन पहले ही मायके से आई थी। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर दहेज की खातिर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत की पुष्टि की गई है। इसके साथ ही एक और चौकाने वाला खुलासा भी हुआ है। पता चला है कि आत्मघाती कदम उठाने से पहले नाजरा ने 24 घंटे से कुछ नहीं खाया था। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चालान किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा: घर में फंदे पर लटका मिला महिला का शव, पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार