संभल: जिम में व्यायाम करते युवक की हालत बिगड़ी ,अस्पताल में मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। जनपद के गांव निवासी युवक की मुरादाबाद में जिम में व्यायाम करते समय अचानक हालत बिगड़ गई। परिजनों ने पहले मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया फिर दिल्ली ले गये। दिल्ली के अस्पताल में युवक की मौत हो गई।

बहजोई थाना क्षेत्र के किसौली गांव निवासी विनोद यादव का इकलौता बेटा 32 वर्षीय लकी यादव मुरादाबाद की निजी कंपनी में नौकरी करता था। वह अपनी पत्नी रोशनी यादव के साथ मुरादाबाद के पीतल बस्ती इलाके में रहता था। लकी रोजाना पास के ही जिम सेंटर पर व्यायाम करने के लिए जाता था।

मंगलवार की सुबह विनोद व्यायाम कर रहा था तभी अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। साथ में व्यायाम कर रहे साथियों ने लकी के घर सूचना दी तो पत्नी व अन्य परिजन  मौके पर पहुंचे। लकी को मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गये।

चिकित्सकों ने लकी की हालत गंभीर बताते हुए उसे प्राथमिक उपचार देकर दिल्ली रेफर कर दिया। परिजनों ने लकी को दिल्ली के आईबीएस हास्पिटल में भर्ती कराया जहां मंगलवार देर रात लकी की मौत हो गई।

ज्यादा वजन उठाने से बिगड़ी हालत
संभल। लकी यादव के परिवार से जुड़े अजीत यादव का कहना है कि लकी को जिम करने का शौक था और वह वेट लिफ्टिंग करता था। उसके साथ जिम कर रहे युवकों ने बताया कि लकी जिम में वेट लिफ्टिंग कर रहा था। वह 1 कुंटल 65 किलो वजन उठा रहा था तभी अचानक उसकी हालत बिगड़ गई।

परिवार में मचा कोहराम
संभल। पति लकी यादव की मौत के बाद जहां उसकी पत्नी रोशनी यादव का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं किसौली गांव में उसके परिवार में भी कोहराम मचा है। जिसने भी लकी यादव की मौत की बात सुनी वह उसके घर की तरफ दौड़ पड़ा। गांव में भी मातम का माहौल बना है। सुबह से रात तक घर से रोने बिलखने की आवाजें आती रहीं। लकी अपने पिता का इकलौता बेटा था। वह पूर्व विधायक सुल्तान सिंह का नाती था।

ये भी पढ़ें - बोले राहुल गांधी- भाजपा आदिवासियों को वनवासी कहती, क्योंकि वह नहीं चाहती कि वे बड़े सपने देखें

संबंधित समाचार