बरेली: शाहगढ़-मैलानी के बीच ट्रेन आज से, पीलीभीत तक की जगी उम्मीद
अब बरेली-पीलीभीत-मैलानी रूट शुरू होने का का इंतजार, दस साल से बंद है बरेली-पीलीभीत-मैलानी रूट पर ट्रेनों का संचालन
बरेली, अमृत विचार : शाहगढ़ से मैलानी के बीच पहली ट्रेन का संचालन गुरुवार को शुरू हो जाएगा। इस ट्रेन के चलने के बाद अब बरेली-पीलीभीत-मैलानी रूट पर कई साल बंद कई ट्रेनों के दोबारा शुरू होने की उम्मीद भी जगी है। बरेली में दस साल पहले अमान परिवर्तन शुरू होने के बाद इस रूट पर ट्रेनों का संचालन बंद हो गया था। वहीं पीलीभीत और मैलानी के बीच पांच साल पहले ट्रेनों का संचालन बंद किया गया था।
दरअसल इस रूट पर रुहेलखंड एक्सप्रेस, गोकुल एक्सप्रेस, इज्जतनगर-ऐशबाग एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस जैसी तमाम ट्रेनों का संचालन हुआ करता था। इसके अलावा कई पैसेंजर ट्रेनें भी बरेली-पीलीभीत-मैलानी रूट पर चला करती थीं। ट्रेनें गोंडा और लखनऊ जैसे स्टेशनों तक जाती थीं, लेकिन अमान परिवर्तन शुरू होने के बाद यह हिस्सा रेल मार्ग के जरिए जुड़ाव से दूर हो गया।
बरेली से इस प्रमुख रूट पर चलने वाले अधिकतर यात्रियों को सड़क मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ता है। अब गुरुवार से मैलानी-शाहगढ़ रेलखंड पर अमान परिवर्तन का उद्घाटन होना है। ऐसे में पहली ट्रेन 05030/05029 मैलानी-शाहगढ़-मैलानी को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इसके बाद अब पीलीभीत से शाहगढ़ के बीच काम बचा हुआ है।
जिसे आरवीएनएल (रेल विकास निगम लिमिटेड) द्वारा तेजी के साथ किया जा रहा है। जंगल क्षेत्र में तीन किमी ट्रैक का काम ही बाकी है। अधिकारियों के मुताबिक पीलीभीत से माला तक ट्रैक का काम भी पूरा हो चुका है। इस ट्रैक का काम पूरा होने के बाद बरेली-पीलीभीत-मैलानी रूट एक बार फिर बहाल होने की उम्मीद जगेगी।
रूट बहाल होने से बढ़ेगा रेल का राजस्व: इस रूट पर आधा दर्जन ट्रेनें पहले चलती थीं। एक बार फिर उनके चलने के बाद इज्जतनगर मंडल की झोली में एक बार फिर राजस्व आना शुरू हो जाएगा। ट्रेनों का संचालन बंद होने के कारण इज्जतनगर मंडल के हर साल कई करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ता है। वहीं काम में देरी को लेकर तमाम तरह की मजबूरियां अधिकारी गिनाते हैं। सबसे ज्यादा जंगल क्षेत्र में टीम को काम करने में दिक्कत आती है।
अमान परिवर्तन के बाद गुरुवार को शाहगढ़ से मैलानी के बीच पहली ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके अलावा पीलीभीत से शाहगढ़ के बीच भी ट्रैक का कार्य तेज गति के साथ किया जा रहा है।- राजेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, इज्जतनगर मंडल
ये भी पढ़ें - बरेली: बहेड़ी तहसील कई मानकों में फिसड्डी, डीएम ने दी चेतावनी
