कासगंज: प्रसूता की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने नहीं उठने दिया शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देर रात तक होता रहा विवाद, मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अफसर, अस्पताल छोड़कर भाग गए चिकित्सक और चिकित्साकर्मी

कासगंज, अमृत विचार : शहर के बिलराम गेट क्षेत्र में एक निजी अस्पताल पर बुधवार शाम से शुरू हंगामा देर रात तक जारी रहा। यहां एक प्रसूता की मौत हुई। पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अफसर मौके पर पहुंच गए।

मामला बिलराम गेट के छर्रा रोड का है। नगला लोधी निवासी महिला नीतू (24) पत्नी योगेश को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन मंगलवार को निजी चिकित्सक के खाटू श्याम क्लीनिक पर ले गए। चिकित्सक ने महिला को भर्ती कर लिया। चिकित्सक ने महिला का आपरेशन करने के लिए कहा और परिजन से 45 हजार रुपये जमा करा लिए।

दोपहर तीन बजे के बाद महिला का आपरेशन कर प्रसव कराया। महिला ने बेटी को जन्म दिया, लेकिन महिला की कुछ देर बाद हालत बिगड़ गई और देर शाम उसकी मौत हो गई।इसके बाद चिकित्सक व स्टाफ मौके से भाग गया। आक्रोशित परिजन हंगामा करने लगे। हंगामा की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।

सीओ सिटी अजीत चौहान, सीएमओ डॉ राजीव अग्रवाल के निर्देश पर एसीएमओ एवं तहसीलदार संदीप कुमार मौके पर पहुंच गए। यहां परिजनों  में काफी आक्रोश था। देर रात तक शव नहीं उठने दिया और कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

 एक प्रसूता की मौत हुई है। उसकी जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर भेजी गई है। जांच रिपोर्ट आते ही अग्रिम कार्रवाई कर दी जाएगी। डॉ. राजीव अग्रवाल, सीएमओ

प्रसूता की मौत के बाद विवाद की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर भेजी गई। तहसीलदार भी मौके पर गए हुए हैं। उनकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई से अवगत करा दिया जाएगा। संजीव कुमार, एसडीएम

ये भी पढ़ें - कासगंज: जिले में गोवंशों की हो रही दुर्दशा, लगातार मौतों का सिलसिला जारी

संबंधित समाचार