Auraiya Murder: मामूली बात को लेकर हुआ विवाद… लाठी-डंडों से हमला कर वृद्धा की हत्या, पुत्र-बहू घायल
औरैया में मामूली बात को लेकर हुए विवाद में वृद्धा की हत्या कर दी गई।
औरैया में मामूली बात को लेकर हुए विवाद में वृद्धा की हत्या कर दी गई। जबकि उसकी पुत्र-बहू घायल हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी।
औरैया, अमृत विचार। बिधूना कोतवाली क्षेत्र की चौकी बदनपुर क्षेत्र में बीती रात पेशाब करते समय पड़ोसी द्वारा बल्ब जलाये जाने को लेकर हुए विवाद में प्रधान पुत्र ने साथियों के साथ मिलकर पड़ोसी के घर पर सरिया व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिसमें वृद्धा की मौत हो गई। जबकि उसके पुत्र व बहू गंभीर रूप से घायल हो गए। एसपी चारू निगम ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। इसके साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया।
कोतवाली बिधूना क्षेत्र के गांव मढ़हा में बीती रात करीब 8:30 बजे ग्राम प्रधान मालती देवी का पुत्र मोहित सिंह अपने मकान की गली में टूटे हुए नाले पर पेशाब कर रहा था। तभी पड़ोसी उदयवीर सिंह के मकान की लाइट जल गई। लाइट जलने से नाराज प्रधान पुत्र मोहित ने पड़ोसी को गाली-गलौज करते हुए लाइट बंद करने को कहा। जिस पर उदयवीर की 70 वर्षीय वृद्ध मां शान्ति देवी ने लाइट बंद करने से मना कर दिया।
जिससे दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। जिसके बाद मोहित ने बलवीर, गबूदे व शैलेन्द्र आदि के साथ मिलकर सरिया, लाठी व डंडों से उदयवीर सिंह के परिवार पर हमला बोल दिया। हमले में वृद्ध शांति देवी की मौके पर मौत हो गयी। जबकि उदयवीर सिंह व उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी को गंभीर चोटें आयी। जिसके बाद हमलावर मौके से भाग गये।
घटना की जानकारी होते ही क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह व कोतवाली प्रभारी श्रीकेश भारती समेत भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। जिसने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया। जहां पर डाक्टरों ने उदयवीर सिंह व उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी का प्राथमिक उपचार कर गंभीर हालत में सैंफई के लिए रेफर कर दिय, जबकि वृद्धा शान्ति देवी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक चारू निगम व अपर पुलिस अधीक्षक दिगंबर कुशवाहा समेत आलाधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों व ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु सीओ बिधूना के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया है।
ये भी पढ़ें- Unnao News: तालाब में उतराता मिला लापता अधेड़ का शव… परिजन बोले- एक दिन पहले घर से निकले थे
