बरेली: मुख्यमंत्री बोले- त्योहारों से पहले गड्ढा मुक्त हो जाएं जिले की सड़कें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम बरेली मंडल की निर्माणाधीन परियोजनाओं के साथ कोविड के इंतजामों की समीक्षा की। सीएम ने बरेली जनपद में कोविड की स्थिति जानने के बाद इससे निपटने में अच्छा कार्य होने की सराहना की। सर्विलांस में और तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि …

बरेली,अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम बरेली मंडल की निर्माणाधीन परियोजनाओं के साथ कोविड के इंतजामों की समीक्षा की। सीएम ने बरेली जनपद में कोविड की स्थिति जानने के बाद इससे निपटने में अच्छा कार्य होने की सराहना की। सर्विलांस में और तेजी लाने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बरसात समाप्त हो चुकी है। त्योहारों से पूर्व सड़कों के गड्ढे हर हाल में भर दिए जाएं। बरेली में टैक्सटाइल पार्क की प्रगति जल्द दिखने की बात कही। बरेली में निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए योगी ने 300 बेड का कोविड अस्पताल तत्काल शुरु करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट सीएम के समक्ष रखी। मंडलायुक्त ने 300 बेड का कोविड अस्पताल एक दो दिन में शुरु कराने की बात कही। बताया कि अस्पताल के समस्त कार्य पूरे करा लिए हैं।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जनपदों की जिन योजनाओं और परियोजनाओं के प्रस्ताव आदि शासन स्तर पर लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता पर पूरा करा लें। गौ आश्रय स्थलों की उपयोगिता को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने पीलीभीत-बरेली-बदायूं-मथुरा मार्ग की प्रगति में बताया कि इसके चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण में रामगंगा नदी पर सेतु निर्माण इस वर्ष अक्टूबर तक पूरा होने की आशा जताई।

बरेली में मलेरिया के प्रसार पर सीएम ने जताई चिंता
पिछले कई सालों में बरेली जनपद में मलेरिया ने भी कहर ढाया है। दर्जनों मौतें हुई हैं। बदायूं में मलेरिया का प्रकोप सबसे ज्यादा है। इस बार दोनों जनपदों में मलेरिया कहर न ढा पाए, इसके मद्देनजर समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने मलेरिया के प्रसार पर चिंता व्यक्त की है। सीएम ने बरेली एवं बदायूं जनपद में मलेरिया के प्रकोप को रोकने के लिए स्वास्थ्य अफसरों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों को बड़े स्तर पर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

अगले साल पूरा होगा लालफाटक पुल और चौपुला पुल का निर्माण
लालफाटक और चौपुला पुल के निर्माण कार्य की वजह से आमजन की मुश्किलें कम नहीं होंगी। मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने बरेली-बदायूं मार्ग पर लाल फाटक के पास रेलवे समपार एवं इससे जुड़े 359 ए पर फोरलेन रेल उपरिगामी सेतु का निर्माण कार्य निर्धारित समय जून 2021 तक पूर्ण कराने की बात कही है। चौपुला चौराहे पर निर्माणाधीन तीन लेन एवं बरेली बदायूं मार्ग और बस स्टैंड साइट में लेन उपरिगामी सेतु का निर्माण कार्य भी जुलाई 2021 तक पूर्ण कराने को कहा है। इससे साफ हो गया है कि बरेली के लोगों को पुलों के निर्माण के चलते वर्ष 2021 तक दिक्कतें झेलनी पड़ेंगी।

सीडीओ ने किया डीएम नितीश कुमार की उपलब्धियों का बखान
जिलाधिकारी नितीश कुमार ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत जनपद के 1308 प्राथमिक और जूनियर स्कूलों का कायाकल्प कराया है। मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के दिन डीएम के अस्वस्थ होने के कारण मुख्य विकास अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कायाकल्प का ब्यौरा बैठक में प्रस्तुत किया। बताया कि जिलाधिकारी नितीश कुमार के व्यक्तिगत प्रयासों से प्राथमिक एवं जूनियर स्कूलों में टाइल्स, चहारदीवारी, टॉयलेट, पीने के पानी समेत कई कार्य गुणवत्तापूर्ण कराए गए हैं। योजना के तहत 273 ग्राम पंतायत भवन तथा 584 आंगनबाड़ी केन्द्रों का भी जीर्णोद्धार कराया गया है। पंचायत भवनों में पुस्तकालय भी तैयार कराए गए।

सीडीओ ने बताया कि सामुदायिक शौचालय निर्माण में बरेली ने पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। मनरेगा के तहत बहगुल नदी का जीर्णोद्धार कराया गया। 19 लाख से अधिक मानव दिवस सृजित किए गए। पीलिया नदी समेत तीन अन्य नदियों के जीर्णोद्धार का कार्य तेजी से चल रहा है।

10 करोड़ से कम लागत वाली परियोजनाएं जनपद स्तर पर निस्तारित करें
बैठक में मुख्यमंत्री ने दस करोड़ रुपए से कम लागत वाली परियोजनाओं का निस्तारण जनपद स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी है कि इसमें किसी प्रकार का विलम्ब न किया जाए। उन्होंने विकास कार्यों के भौतिक सत्यापन के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि चीनी मिलों से संवाद बनाए रखें और भुगतान की प्रक्रिया में ढील न आने दें। अगले सत्र को निर्धारित समय पर शुरु कराएं।

केंद्रीय मंत्री ने आईटीआर फैक्ट्री में अस्पताल बनाने का प्रस्ताव सीएम के समक्ष रखा
सीएम की समीक्षा बैठक में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने दिल्ली रोड स्थित निष्प्रयोज्य आईटीआर फैक्ट्री की भूमि पर अस्पताल बनाने के प्रस्ताव पर मुहर लगाने के लिए मुख्यमंत्री से अपील की। उन्होंने बताया कि अस्पताल बनने से बरेली और मुरादाबाद मंडल के करीब डेढ़ लाख से अधिक कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। आईटीआर भूमि पर रुहेलखंड का पहला ईएसआई अस्पताल बनाने की तैयारी है। सालभर पहले से इस भूमि पर अस्पताल बनाने की कवायद चल रही है।

केंद्रीय मंत्री ने सीएम से इसी फैक्ट्री की भूमि पर एक आईटी पार्क के प्रस्ताव की भी बात की। बैठक में बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर तथा पीलीभीत के जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से अपने-अपने क्षेत्रों के विकास कार्यों के संबंध में चर्चा की।

विधायक श्याम बिहारी ने फरीदपुर में रेलवे क्रॉसिंग पर मांगा ओवरब्रिज
विधायक श्याम बिहारी लाल ने फरीदपुर में रोडवेज बस अड्डा, रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज, नगर की जल निकासी की व्यवस्था, भुता ब्लाक में राजकीय डिग्री कॉलेज, पचौमी से शाहपुर बनियान मार्ग पर पुल के दोनों ओर संपर्क मार्ग, राजकीय डिग्री कॉलेज में स्नातकोत्तर तथा बीएससी की कक्षा के लिए शासन से शिक्षक और संसाधन की मांग की। विधायक ने फतेहगंज पूर्वी से दातागंज मार्ग का पुननिर्माण की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

मंडलायुक्त ने तीनों जिलों में निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति भी बताई
मंडलायुक्त ने तीनों जिलों में निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति भी बताई। पीलीभीत जनपद के अमरिया क्षेत्र में 170 करोड़ की लागत से ट्रांसमिशन सब स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है। इसे मई 2021 तक पूरा कराने की बात कही। बताया कि आपरेशन कायाकल्प के तहत 1717 स्कूलों का विकास किया गया। हर घर नल योजना के तहत 11 शुद्ध पेयजल परियोजनाओं पर कार्य शुरू हुआ है।

बदायूं में 646 करोड़ की लागत से राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया। इसके कुछ कार्यों की प्रगति पर समयानुसार है। शेष कार्यों को निर्धारित समय मार्च 2021 तक में पूरा करा लेने की बात कही। शाहजहांपुर में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के लिए एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है। इसे मार्च 2021 तक पूरा कराने की बात कही। बदायूं सिंचाई परियोजना पर मंडलायुक्त ने अवगत कराया कि इसे निर्धारित समय दिसम्बर 2021 तक पूर्ण करा लिया जाएगा।

संबंधित समाचार