संभल: रोडवेज बस में महिला यात्री के बैग से उड़ाए पांच लाख के जेवर

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

मुरादाबाद से चन्दौसी होते हुए बदायूं अपनी ससुराल जा रही थी महिला

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। त्योहारों की सरगर्मियां शुरु हो गई हैं। रोडवेज बसों व ट्रेनों में भीड़ भाड़ होने के साथ ही उचक्के सक्रिय हो गए हैं। रोडवेज बस में महिला के बैग से पांच लाख के सोने के जेवर चोरी हो गए। घटना उस समय हुई जब महिला अपनी ननद के साथ मुरादाबाद से बदायूं अपनी ससुराल जा रही थी। घटना के बाद महिला अपने परिवार के साथ कोतवाली पहुंची और बस में सवार एक व्यक्ति पर चोरी का शक जाहिर करते हुए तहरीर दी है। 

जनपद बदायूं के गांव कोठा निवासी सौरभ पुत्र सतेंद्र पाल अपनी पत्नी तुमुल के साथ मुरादाबाद के प्रकाश नगर में रहता है। वह मेडिकल स्टोर चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। बुधवार की सुबह नौ बजे तुमुल अपनी ननद अंजलि पत्नी किशन वीर निवासी जनपद बदायूं के थाना बिसौली क्षेत्र के गांव खजूरिया के साथ अपने ससुराल बदायूं जाने के लिए रोडवेज बस में सवार हुई।

जब बस बदायूं चुंगी से रोडवेज बस स्टैंड की तरफ आ रही थी तो एक व्यक्ति दोनों महिलाओं का ट्राली बैग लेकर जाने लगा। जिसे महिलाओं ने टोका तो वह बैग छोड़ बस से उतर गया। इसके बाद महिलाएं बदायूं पहुंची और घर जाकर  बैग खोला तो उसमें रखा सोने का हार, सोने की चार चूड़ी, दो कान के झाले गायब थे।

यह देख तुमुल के होश उड़ गए। इसके बाद महिला ने घटना की जानकारी अपने ससुराल वालों को दी। गुरुवार की सुबह महिला अपने ससुराल वालों के साथ कोतवाली पहुंची और घटना की तहरीर दी। महिलाओं ने बताया कि बैग रोडवेज बस में नीचे रखा था। वहां एक व्यक्ति बैठा था, चन्दौसी पहुंचने पर उक्त व्यक्ति  बैग लेकर नीचे उतरने लगा, तो उसे रोका गया। महिलाओं ने उसी व्यक्ति पर बैग से जेवर चोरी का आरोप लगाया है।

ये भी पढ़ें:- संभल: मजदूरी करने गए ग्रामीण की बागपत में संदिग्ध मौत, पेड़ पर लटका मिला शव

संबंधित समाचार