अमरोहा: बाइक सवार दो लोगों ने युवक पर झोंका फायर, दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
अमरोहा, अमृत विचार। घर के बाहर बैठे युवक पर बाइक सवार दो युवकों ने तमंचे से फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि युवक को गोली नहीं लगी। पुलिस ने एक नामजद समेत दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर कोतवाली क्षेत्र में ईदगाह रोड स्थित मोहल्ला इकरार नगर निवासी मोहम्मद ताजीम उर्फ आमिर का आरोप है कि वह बुधवार शाम वह अपने दोस्त शादाब के साथ मोहल्ले में स्थित अपने प्लाट पर बनी कोठरी में बंधे बकरी के बच्चे देखने गया था। आरोप है कि इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आए और पीछे सवार युवक ने तमंचा निकालकर ताजीम व शादाब पर फायर झोंक दिया।
गनीमत रही कि गोली दोनों के पास से निकल गई। फायर की आवाज से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हमलावरों को पकड़ने के लिए लोग उनके पीछे भी दौड़े, लेकिन आरोपी फरार हो गए। भागते समय एक हमलावर का हेलमेट वहीं गिर गया। इससे उसकी पहचान मोहल्ले में रहने वाले वसीम के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक सनोज प्रताप सिंह ने बताया कि वसीम व उसके अज्ञात साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें:- संभल: बाइक सवारों ने किया ग्रामीण के अपहरण का प्रयास, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
