गोरखपुर में बड़ा सड़क हादसा - 6 की मौत, रोडवेज बस के यात्रियों को ट्रक ने रौंदा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर, अमृत विचार। जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई है। जबकि 27 यात्री घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुःख जताया है साथ ही सभी प्रभावितों के समुचित इलाज के निर्देश भी दिए हैं। ये सड़क हादसा गुरुवार देर रात गोरखपुर-कुशीनगर हाईवे पर हुआ है। 

मिली जानकारी के अनुसार जगदीशपुर के पास गोरखपुर से रोडवेज की अनुबंधित बस सवारियों को लेकर पड़रौना की ओर जा रही थी। तभी उसका टायर पंचर हो गया। सवारियों को ले जाने के लिए कंडक्टर ने दूसरी बस मंगाई। दूसरी बस में सवारियां चढ़ ही रही थीं कि पीछे से आये बेकाबू ट्रक ने सवारियों को रौंद दिया। इस हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई जबकि 27 लोगों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।   

मृतकों में शैलेश पटेल (25) पुत्र नंदलाल पटेल, सुरेश चौहान पुत्र (35) पुत्र जवाहिर चौहान निवासी तुर्कपट्टी, कुशीनगर, ​नीतेश सिंह (25) पुत्र अशोक सिंह निवासी मदरहा, हाटा कुशीनगर, हिमांशु यादव पुत्र बांसरी यादव (24) निवासी मिश्रीपट्टी पडरौना, कुशीनगर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बस में 30 से ज्यादा यात्री सफर कर रहे थे। 

घायलों में कसया के मुबारक अंसारी, सामना चौधरी, कुबेरस्थान के रामबिलास जायसवाल, रविंद्रर सिंह, पड़रौना के हर्ष तिवारी, अभिषेक तिवारी, हनुमानगंज के सोनू गौड़ व रामदेव है।

मामूली रूप से घायल हुए 20 यात्री अपने परिजनों के साथ घर रवाना हो गए। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि मरे व घायल हुए यात्रियों का नाम,पता तस्दीक किया जा रहा है। जिनके बारे में जानकारी मिली है उनके घर वालों को बुलाया गया है। एम्स थाना पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश चल रही है।

ये भी पढ़ें -अंबेडकरनगर: यूपी एसटीएफ ने पूर्व एमएलए पवन पांडे के तीन साथियों को किया गिरफ्तार, भेजा जेल  

संबंधित समाचार