रायबरेली : घर के भीतर पटाखा बनाते समय हुआ विस्फोट, चार बच्चे झुलसे
सरेनी के मलके गांव में अवैध पटाखा बनाने के दौरान हुई घटना
रायबरेली, अमृत विचार। सरेनी के मलके गांव में अवैध रूप से घर के अंदर पटाखे बनाते समय भीषण विस्फोट हो गया। घटना में चार बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। गम्भीर रूप से झुलसे सभी बच्चों को स्थानीय लोग इलाज के लिए सीएचसी सरेनी ले गए जहां उनकी हालत नाजुक होने के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मामला सरेनी थाना क्षेत्र के मल्के गांव का है जहां बच्चों की मौजूदगी में गांव निवासी मुस्तफा के घर में अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम चल रहा था। दोपहर में पटाखा बनाने के दौरान विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि उसकी चपेट में आने से गोविंद 10 पुत्र भैया लाल, मनीष 13 पुत्र सर्वेश, सीजा 8 पुत्र कमाल, सौरभ 12 पुत्र रमेश गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी होते ही सरेनी और लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि इस घटना से स्थानीय सरेनी पुलिस और लालगंज तहसील की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े हो गए।
एसडीएम लालगंज मनोज कुमार सिंह ने फोन पर बताया कि 3 नवम्बर को निरीक्षण किया गया था, जिसमे रिनिवल न होने के चलते उसे बंद कर दिया गया था, वहीं सरेनी थाना प्रभारी का कहना है कि उसके पास पूर्व में लाइसेंस था और उसने रिनिवल के लिए आवेदन किया था। हादसे के बाद कोई भी अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
ये भी पढ़ें -उन्नाव : निजी स्कूल में खड़ी वैन में लगी आग, एक बाइक भी जली
