उन्नाव : निजी स्कूल में खड़ी वैन में लगी आग, एक बाइक भी जली
उन्नाव, अमृत विचार। पुरवा स्थित एक निजी स्कूल परिसर में खड़ी वैन में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गयी। आग की चपेट में पास खड़ी एक बाइक भी आ गयी। दोनों वाहन धू-धूकर जलने लगे। स्कूल में पढ़ रहे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना पर दमकल कर्मी पहुंचे और आग पर काबू पाया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
पुरवा-मौरावां मार्ग स्थित सिटी मॉडर्न स्कूल में सुबह 10 बजे परिसर में खड़ी वैन में एलपीजी सिलेंडर लगा था। अचानक वैन में संदिग्ध परिस्थिति में आग लग गयी। इस दौरान पास में खड़ी एक बाइक भी आग की चपेट में आ गयी। दोनों वाहन धू-धूकर जलने लगे। लपटें देख स्कूल परिसर में मौजूद शिक्षकों व छात्र-छात्राओं में हड़कंप मच गया। सूचना दिये जाने पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने सबसे पहले सीढ़ी लगाकर स्कूल की दूसरी मंजिल पर स्थित कक्षाओं में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। इसके बाद परिसर में जल रही वैन व बाइक को बुझाया गया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
सीओ पुरवा दीपक सिंह ने बताया कि हादसे में किसी भी छात्र व शिक्षक को कोई चोट नहीं आयी है। सभी को सकुशल निकाल लिया गया है। आग किन कारणों से लगी है इसकी जांच कराई जा रही है।
ये भी पढ़ें -आगरा में पत्नी की हत्या कर युवक फरार, जांच में जुटी पुलिस
