हल्द्वानी: दिवाली पर रोडवेज स्टेशन में बसों के लिए मारामारी
हल्द्वानी, अमृत विचार। धनतेरस पर रोडवेज में यात्री बसों के लिए परेशान रहे। रोडवेज स्टेशन में यात्री बसों में सीट पाने के लिये धक्कामुक्की करते नजर आये। कई यात्रियों ने खिड़कियों से बस के भीतर घुसकर सीट हथियाई।
हल्द्वानी स्टेशन में टनकपुर और बरेली जाने वाले कई यात्री बस न मिलने से परेशान रहे। महिलाएं छोटे बच्चों और सामान को लेकर भीड़ से आगे निकलकर किसी भी तरह बस में चढ़ने के लिए जद्दोजेहद करतीं दिखीं। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक नहीं थी लेकिन दिल्ली से हल्द्वानी आने वाली बसें फुल होकर आ रही हैं।
दिल्ली के लिए हल्द्वानी से अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। स्टेशन संचालन इंचार्ज एसएन मिश्रा ने बताया कि दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या कम होने के बावजूद अतिरिक्त बसों को भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दीपावली पर पहाड़ के अधिकांश यात्री दिल्ली से घरों को आते हैं। इसे देखते हुए पर्याप्त बसें भेजी जा रही हैं। वरिष्ठ संचालन इंचार्ज इंद्रा भट्ट ने बताया कि दिल्ली को 30 बसें भेजी गईं। टनकपुर के लिए 5, बरेली के लिए 1 अतिरिक्त सहित 6 बसें और देहरादून के लिए दो अतिरिक्त बसें सहित कुल 10 बसें भेजी गईं।
