Diwali 2023: धनतेरस पर उमड़ी भीड़, यातायात हुआ धड़ाम, शहर जाम… देर रात तक खरीददारी करते रहे लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में धनतेरस के दिन बाजारों में भीड़ होने से जाम लगा।

कानपुर में धनतरेस के दिन बाजारों में भीड़ लगने से पूरा शहर में चौतरफा जाम लग गया। वहीं, दीपावली की देर रात तक लोग खरीददारी करते रहे।

कानपुर, अमृत विचार। धनतेरस पर उमड़ी भीड़ से पूरे शहर में यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई। वाहनों के पहिये थम गए। प्रमुख सड़कों, बाजारों से लेकर तंग गलियों तक में आधी रात तक जाम लगा रहा। बाजारों में लोगों का पैदल निकलना दुश्वार हो गया। सड़क तक लगीं दुकानें और पार्किंग न होने की समस्या ने जाम को और विकराल बना दिया। 

कमिश्नरेट पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए तमाम तैयारी की थी। लेकिन शुक्रवार को धनतेरस पर ट्रैफिक पुलिस की सारी व्यवस्थाएं धरी की धरी रह गईं। शाम होते ही वाहनों का दबाव बढ़ा तो हर कहीं व्यवस्था चरमरा गई। सभी बाजारों में दुकानें सड़क तक लगी थीं। इससे ग्राहकों के लिए कहीं भी वाहन पार्किंग की व्यवस्था नहीं रही।

बिरहाना रोड, जनरलगंज, नयागंज, हालसी रोड, एक्सप्रेस रोड, आर्यनगर, गुमटी, गोविंदनगर, पीरोड में लोगों को भीषण जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। घंटाघर से मॉलरोड तक प्रमुख मार्गों के साथ गलियां तक जाम थीं। बिरहाना रोड पर खरीदारी करने आए ग्राहक गलियों में गाड़ियां खड़ी कर चले गए, जिससे गलियों में रास्ते बंद हो गए।

मरियमपुर चौराहे से कोकाकोला जाने वाली सड़क जाम होने पर  राहगीर गलियों से गुमटी की ओर गए, तो डॉट नाला धंसा होने व सड़क के दोनों ओर दुकानें लगी होने से बाजार में भीषण जाम लग गया। 

गोविंद नगर में बाटा चौराहा से नटराज तक   दुकानों के बाहर आधी सड़क तक दो पहिया व चार पहिया वाहन खड़े रहे। यहां जाम हटाने के लिए ट्रैफिक पुलिस का एक भी सिपाही नहीं दिखा। पुलिस ने चावला मार्केट चौराहा से गोविंद नगर जाने वाली रोड बेरीकेडिंग लगाकर बंद कर दी, लेकिन लोग गलियों के सहारे बाजार में वाहनों के साथ घुसते रहे। नवीन मार्केट और पी रोड में तो पैदल चलने तक का रास्ता नहीं बचा।

लोगों की छूटी बस और ट्रेन 

त्योहार पर घर जाने के लिए झकरकटी व रेलवे स्टेशन जा रहे लोगों को भी जाम ने उलझा दिया। कई लोगों की बसें व ट्रेन छूट गई।  गोरखपुर निवासी रमेश सिंह अपने साथी सुरेंद्र कश्यप के साथ दोपहर तीन बजे रेलवे स्टेशन जाने के लिए घर से निकले थे। रावतपुर गोल चौराहा, जरीबचौकी व टाटमिल के पास भीषण जाम से उनकी ट्रेन छूट गई, जिसके बाद वह झकरकटी में बस का इंतजार करते रहे। वहीं झकरकटी बस अड्डे पर खड़ी विनीता ने बताया कि चंद मिनट पहले बस अड्डे से प्रयागराज जाने वाली बस निकल गई। अगर वह जाम में नहीं फंसती तो समय पर घर पहुंच जाती। 

ढाई घंटे में पहुंचे बिरहाना रोड

जूही लाल कॉलोनी निवासी सुमित ने बताया कि धनतेरस पर पत्नी दीपाली के साथ शाम पांच बजे घर से निकले थे। बारादेवी, किदवई नगर, बाकरगंज चौराहा पर जाम झेलते हुए वह किसी तरह नयापुल पर पहुंचे। नया पुल से टाटमिल चौराहा पहुंचने में आधा घंटा लग गया। टाटमिल के बाद घंटाघर चौराहा, नयागंज, काहूकोठी पर जाम से जूझते हुए वह करीब ढाई घंटे में बिरहाना रोड पहुंच सके।

ये भी पढ़ें- दो युवकों के लिए इयरफोन लगाना और पटरी पर बैठकर मैच देखना बना काल!, दोनों की हुई दर्दनाक मौत, जानें मामला

संबंधित समाचार