अयोध्या दीपोत्सव 2023: मंगलाचरण और आरती के साथ हुआ श्रीराम का राज्याभिषेक, सीएम योगी और राज्यपाल समेत संतों ने उतारी आरती
मुख्यमंत्री और राज्यपाल समेत विशिष्ट अतिथियों की प्रतीक्षा
अयोध्या, अमृत विचार। सातवें दीपोत्सव के अवसर पर श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास काट कर सांकेतिक रूप से अयोध्या आगमन की प्रतीक्षा चरम पर है। यहां रामकथा पार्क में श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण संग पुष्पक विमान से पहुंचने वाले हैं। यहां भगवान राम का प्रतीकात्मक राम दरबार सज कर तैयार हो गया है। जानकारी के मुताबिक प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण का स्वागत करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामकथा पार्क पहुंच चुके हैं।
मंगलाचरण और आरती के साथ हुआ श्रीराम का राज्याभिषेक
लंका विजय प्राप्त कर अयोध्या पहुंचे भगवान श्रीराम का फूलों की वर्षा और मंगलाचरण व आरती के साथ भव्य स्वागत हुआ। रामकथा पार्क में बने हेलीपैड पर शनिवार शाम पुष्पक विमान से उतरते ही श्रीराम, माता जानकी और अनुज लक्ष्मण समेत हनुमान का वंदन अभिनंदन करते हुए उन्हें रामकथा पार्क में बने राम दरबार तक लाया गया। गुरु वशिष्ठ भी राम दरबार में शोभायमान मान रहे। वहीं प्रख्यात अभिनेत्री पदम भूषण आशा पारिख ने भी राम दरबार का पूजन-अर्चन किया।
मुख्यमंत्री योगी और राज्यपाल ने किया राम, सीता और लक्ष्मण का स्वागत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अयोध्या में राम कथा पार्क के पास भगवान राम, सीता और लक्ष्मण का चित्रण करने वाले कलाकारों का स्वागत किया। इस दौरान सीएम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "... हमारे पूर्वजों ने दीप प्रज्वल को रेखांकित किया है... हमारी पीढ़ी बेहद सौभाग्यशाली है कि भगवान राम लला यहां विराजने के लिए आ रहे हैं... अयोध्या वासियों को भगवान राम ने खुद कहा है वे उनके प्रिय वासी हैं तो हमारी भी जिम्मेदारी बनती है कि जब भगवान आ रहे हों तो 22 जनवरी को विराजमान करने के लिए उनके स्वागत की भव्य तैयारी करने के लिए खुद को तैयार रखना होगा..."

दीपोत्सव पर पहुंची पदम भूषण से सम्मानित अभिनेत्री आशा पारिख
सातवें दीपोत्सव पर रामकथा पार्क में आयोजित भव्य राम राज्याभिषेक समारोह में राज्य अतिथि के रूप पदम भूषण से सम्मानित प्रख्यात अभिनेत्री आशा पारिख भी पहुंची है। वह राज्याभिषेक और दीपोत्सव कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी। मंच के उद्घोषक ने बताया कि प्रख्यात अभिनेत्री आशा पारिख राज्य अतिथि के रूप दिव्य दीपोत्सव की साझी बन रही हैं। वह पहली बार अयोध्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष आमंत्रण पर आईं हैं और दीपोत्सव तक मौजूद रहेंगी।

पगड़ी और माला पहना कर किया गया संतों का सम्मान
रामकथा पार्क में आयोजित भगवान श्रीराम के राजतिलक समारोह के दौरान पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, मंत्री राकेश सचान, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश विश्राम द्वारा रामकथा पार्क में मौजूद संतों और महतों को माला पहना कर सम्मानित किया गया। संतों को योगी सरकार की ओर से दक्षिणा भी प्रदान की गई। संतों का सम्मान करीब 30 मिनट चला। संत दीर्घा में पहुंच कर सभी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री, कर रहे हैं निरीक्षण, संतों से भेंट भी
सातवें दीपोत्सव में शनिवार दोपहर करीब 2: 28 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर रामनगरी में सरयू तट के किनारे बने अस्थायी हेलीपैड पर उतरा। हेलीकॉप्टर से उतरते ही मुख्यमंत्री की आगुवानी भाजपा नेताओं के साथ जिला प्रशासन द्वारा की गई। रामकथा पार्क में दाखिल होते ही उन्होंने निरीक्षण शुरू कर दिया है। भगवान राम के आगमन को लेकर होने वाले कार्यक्रम और दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने सबसे पहले राम दरबार की तैयारियों का निरीक्षण किया। उनके साथ नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रुदौली व रामचंद्र यादव, जिलाधिकारी नीतीश कुमार, एसएसपी आर के नैय्यर समेत तमाम आला अधिकारी शामिल हैं। रामलला का रामकथा पार्क में करेंगे राजतिलक। योगी कैबिनेट के कई मंत्री, वरिष्ठ संत मंच पर मौजूद।कुछ देर में होगा भगवान रामलला का राजतिलक।
सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल राम कथा पार्क में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की अगुवानी करेंगे। मंच पर उद्घोषक की ओर से बताया गया कि कुछ ही देर में यहां श्रीराम का आगमन होगा।
आरती के बाद प्रतीकात्मक राजतिलक सम्पन्न होगा। फूलों से सुसज्जित राम दरबार में तीन सिंहासन हैं। जिसमें एक बड़े सिंहासन पर श्रीराम और दो पर माता सीता व लक्ष्मण जी विराजमान होंगे। इस दौरान तीन बार हेलीकॉप्टर के रामकथा पार्क के चक्कर लगाने पर मौजूद लोगों में आतुरता बढ़ रही है।
दीपोत्सव से पहले निकली भगवान राम की शोभायात्रा
दीपोत्सव से पहले भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता की शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग नजर आए। अयोध्या में भगवान राम की शोभायात्रा की खूबसूरत तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें रामायण के कई पात्रों के देखा जा सकता है।
ब्रजेश पाठक ने दी बधाई
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दीपोत्सव का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा. आज एक नया रिकॉर्ड बनाया जाए. 50 देशों के राजदूत भी यहां पहुंच रहे हैं. सभी प्रदेशवासियों को बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं. सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है. अगर पटाखे जलाते वक्त कोई घटना होती है तो सभी को सतर्क रहने को कहा गया है
डिप्टी सीएम ने दी देशवासियों को बधाई
अयोध्या दीपोत्सव को लेकर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी सभी रामभक्तों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या के लिए ये दीपोत्सव खास महत्व रखता है, क्योंकि अगले वर्ष की शुरूआत 22 जनवरी 2024 को साढ़े पांच सौ साल बाद भगवान रामलला अपने जन्मस्थान पर विराजमान होंगे। आज दीपोत्सव पर प्रदेशवासियों, देशवासियों की ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के राम भक्तों की नजर है। सभी रामभक्तों को दीपावली की शुभकामनाएं।
यह भी पढ़ें: बहराइच: अवैध खनन में लगी तीन ट्रॉली सीज, पांच वाहनों का हुआ चालान
