पीलीभीत: बाघ ने ली एक और जान, गुस्साई भीड़ ने कर दिया बवाल...एसओ की गाड़ी में तोड़फोड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत/माधोटांडा, अमृत विचार। पीलीभीत टाइगर रिजर्व की महोफ रेंज से सटे जमुनिया खास गांव में कई दिनों से दस्तक दे रहे बाघ ने एक ग्रामीण की जान ले ली। लगातार की जा रही शिकायतों के बाद भी ठोस समाधान न होने पर भीड़ गुस्सा गई और जमकर बवाल किया। पुलिस की गाड़ी तोड़ी और एक खोखा व्यापारी का सिर फोड़ दिया। करीब चार घंटे तक हंगामा चलता रहा। बमुश्किल अफसरों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। 

माधोटांडा थाना क्षेत्र के जमुनिया खास गांव निवासी ओमप्रकाश पासवान (30) पुत्र खेमकरन खेती करते थे। शनिवार शाम करीब चार बजे घर से एक किमी दूर स्थित जंगल के नजदीक स्थित अपने खेत पर गए थे।आसपास के खेतों पर अन्य ग्रामीण मौजूद थे। इस बीच जंगल से निकले बाघ ने अचानक ओमप्रकाश पर हमला कर दिया। जिसमें ओमप्रकाश की मौत हो गई।

बाघ शव को खींचकर ले जा रहा था कि आसपास के खेतों पर मौजूद लोगों ने लाठी डंडे फटकारे तो बाघ वापस जंगल की तरफ भाग गया। घटना के बाद ग्रामीण जमा हुए और शव लेकर पीलीभीत-माधोटांडा रोड पर गांव के बाहर आए।  इसके बाद शव रखकर जाम लगा दिया। इसकी सूचना मिलने पर एसओ माधोटांडा अचल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गुस्साई भीड़ ने पथराव कर दिया। जिसमें पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।  

अन्य थानों की पुलिस पहुंचना शुरूहुई तो भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने उसे भी हाथ में डंडे और पत्थर लेकर दौड़ा दिया। कुछ ही दूरी पर खोखा खोलकर बैठे गांव के ही हरि गुप्ता पर भी हमला कर दिया। पुलिस, प्रशासन और टाइगर रिजर्व के अधिकारी मौके पर पहुंचे और वार्ता की।  

बाघ के आबादी में दसतक देने से आ रही दिक्कतों को बयां करते हुए ग्रामीणों ने ठोस समाधान न किए जाने पर नाराजगी जताई। एडीएम वित्त एवं राजस्व राम सिंह गौतम, एएसपी अनिल कुमार यादव, पीलीभीत टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल आदि अधिकारियों से  मृतक के परिवार को मुआवजा, बेटे को नौकरी , मृतक के परिवार के नाम जमीन का पट्टा और जंगल की तार फेंसिंग कराने की मांग की गई। काफी देर तक चली वार्ता के बाद बमुश्किल भीड़ को जल्द मुआवजा देने समेत हरसंभव  मदद का आश्वासन देकर शांत कराया जा सका।

बाघ के हमले में एक ग्रामीण की मौत हुई है। इसकी सूचना मिलने पर गए थे। मृतक के परिवार को मुआवजा समेत हरसंभव मदद दी जाएगी। बाघ को पकड़ने के लिए रविवार को टीम लगाई जाएगी--- नवीन खंडेलवाल, डिप्टी डायरेक्टर, पीलीभीत टाइगर रिजर्व।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: 05 साल, 05 माह और 09 दिन बाद मैलानी रूट पर दौड़ी ट्रेन..जानिए कैसा रहा नजारा

संबंधित समाचार