बहराइच: सड़क हादसों में वृद्ध समेत दो की मौत, तीन घायल, कोहराम
बहराइच, अमृत विचार। जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में वृद्ध समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि वृद्ध का पुत्र घायल है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बाइक की टक्कर से दो लोग घायल हो गए।
हरदी थाना क्षेत्र के हरदी निवासी त्रिवेणी दत्त पाठक (70) पुत्र सूर्य लाल अपने पुत्र आदित्य के साथ शनिवार को बाइक से जिला मुख्यालय सामान की खरीदारी के लिए आए थे। रात को वह बाइक से वापस घर जा रहे थे। कोतवाली देहात के टिकोरा मोड़ के पास दो मवेशी आपस में लड़ते हुए बाइक के सामने आ गए। बाइक से मवेशी टकरा गए। जिससे पिता पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान वृद्ध त्रिवेणी दत्त की मौत हो गई। जबकि पुत्र का इलाज चल रहा है। वहीं मटेरा थाना क्षेत्र के मझौली गांव निवासी बाइक सवार महेश कुमार (20) पुत्र मंगल प्रसाद शुक्रवार रात को ट्रक की टक्कर से घायल हो गए थे। उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था। रविवार दोपहर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर लखनऊ बहराइच मार्ग पर कीर्तनपुर के निकट रविवार को दो बजे दो बाइक सवारों की भिड़ंत हो गई। जिसमें दो लोग घायल हो गए। होश में न होने के चलते पहचान नहीं हो सकी है। काफी देर बाद पहुंची कोतवाली देहात पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
यह भी पढ़ें: वनटांगिया गांव में दिवाली मनाने पहुंचे सीएम योगी, गांव को मुख्यमंत्री ने दी करोड़ों रुपए की सौगात, कही यह बड़ी बात
