IND vs NZ World Cup 2023 : सुनील गावस्कर ने कहा- केन विलियमसन को पता होगा कि कुलदीप से कैसे निपटना है
मुंबई। भारतीय गेंदबाजों ने अभी तक विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है अपने फुटवर्क और रणनीतिक रवैये के कारण न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन को बुधवार को यहां होने वाले सेमीफाइनल मैच में भारतीय स्पिनरों विशेषकर कुलदीप यादव से निपटने में दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, वह एक दिग्गज खिलाड़ी है और यह मायने नहीं रखता कि वह लंबे विश्राम के बाद वापसी कर रहा है और उसने रन बनाए हैं। इसलिए मुझे नहीं लगता कि इससे बहुत ज्यादा अंतर पड़ने वाला है। उन्होंने कहा, वह अपने कदमों का बहुत अच्छा इस्तेमाल करता है और टर्न से निपटने के लिए अपनी क्रीज का अच्छी तरह से इस्तेमाल करता है। वह बहुत अच्छा खिलाड़ी है और इसलिए मुझे नहीं लगता कि उसे कुलदीप को खेलने में किसी तरह की परेशानी होनी चाहिए। उसे पता होगा कि कुलदीप से कैसे निपटना है।
गावस्कर ने कहा कि विलियमसन की बल्लेबाजी केवल उनके तकनीकी ज्ञान और स्ट्रोकप्ले तक ही सीमित नहीं है और जरूरत पड़ने पर लंबे शॉट खेलने में भी माहिर हैं। उन्होंने कहा, वह जरूरत पड़ने पर स्ट्राइक रोटेट करने पर ध्यान देगा लेकिन अगर ढीली गेंद पड़ेगी तो उस पर बाउंड्री भी लगाएगा। हमने 2019 में केन विलियमसन का यह रूप नहीं देखा था लेकिन यहां हमने उसे लंबे शॉट लगाते हुए भी देखा है। वह कुलदीप यादव के खिलाफ भी ऐसा रवैया अपना सकता है।
ये भी पढ़ें : World Cup 2023 : 'अंडरडॉग' के ठप्पे से केन विलियमसन को कोई ऐतराज नहीं, की भारतीय टीम की तारीफ
