रुद्रपुर: नशे के खिलाफ भड़की महिलाएं, सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर जताया आक्रोश

रुद्रपुर: नशे के खिलाफ भड़की महिलाएं, सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर जताया आक्रोश

रुद्रपुर, अमृत विचार। आदर्श इंदिरा बंगाली कॉलोनी में मादक पदार्थों की बढ़ती बिक्री से गुस्साई महिलाओं ने हंगामा काटा और इलाके में नशे पर पाबंदी नहीं लगाने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान महिलाओं ने सांकेतिक धरना भी दिया। आक्रोशित महिलाओं ने कहा कि यदि जल्द ही पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा।

मंगलवार की शाम छह बजे अचानक कॉलोनी की महिलाएं चौराहे पर एकत्रित हुई और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगी। उनका आरोप था कि छोटी सी बस्ती में शराब, स्मैक, इंजेक्शन जैसे मादक पदार्थों की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। आरोप था कि कई बार पुलिस से शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब स्थानीय लोग विरोध करते हैं तो नशे के कारोबारी धमकाना शुरू कर देते हैं।

इलाके में बढ़ते नशे के कारोबार में युवा पीढ़ी बर्बाद हो चुकी है। हालात यह है कि देर रात तक नशे का कारोबार चलता है। हंगामे की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी आदर्श कॉलोनी महेश कांडपाल मौके पर पहुंचे और महिलाओं का गुस्सा शांत किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करेगी।