लखीमपुर-खीरी: गन्ने में छिपे बैठे बाघ ने युवक को बनाया निवाला, परिवार में मचा कोहराम
कुकरा/लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। दक्षिण खीरी वफर जोन की वन रेंज मैलानी के ग्राम बासुकपुर में गन्ने में छिपे बैठे बाघ ने खेत देखने गए नारेंद्र (35) पुत्र राजाराम पर हमला कर उसे मात के घाट उतार दिया। वनकर्मियों के देर तक न पहुंचने से ग्रामीणों में रोष रहा, जिन्होंने दोपहर तक शव को उठने नहीं दिया।
वन रेंज मैलानी अंतर्गत वन चौकी जटपुरा, सलेमपुर की ग्राम पंचायत खंजनपुर के ग्राम बासुकपुर निवासी नारेन्द्र (35) अपने ठेके पर लिए गए खेत की रखवाली करने के लिए बुधवार सुबह जा रहा था। तभी रास्ते में गांव के ही अवनीश पुत्र मिहीलाल के गंन्ने के खेत में छिपे बैठे बाघ ने नारेन्द्र पर हमला कर उसे अपना निवाला बना लिया। परिवार वालों को सूचना मिलने पर घर में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल मैलानी वनरेंज और कुकरा पुलिस चौकी को सूचना दी।
कुकरा चौकी इंचार्ज दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे लेकिन दोपहर तक कोई वनकर्मी न पहुंचने से ग्रामीणों में रोष दिखा, जिन्होंने शव को सील नहीं होने दिया। पुलिस ने मौके की नजाकत भांपकर गोला सर्किल के थानों का फोर्स बुलवा लिया। किसान यूनियन के तमाम नेता परिवार वालों को मनाने में लगे रहे, लेकिन परिवार वाले नहीं माने।
किसान नेताओं के सात सूत्रीय ज्ञापन देने पर अधिकारियों के वन विभाग से मुआबजा और शासकीय सहायता दिलाने के आश्वासन पर मृतक के परिवार वाले राजी हुए। तब कहीं जाकर दोपहर बाद पुलिस ने शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। मैलानी रेंजर अनिल कुमार, तहसीलदार सुखवीर सिंह, एसडीएम रत्नाकर मिश्र और गोला, मैलानी, भीरा का पुलिसबल मौजूद रहा।
ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: जोधपुर में एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने के बहाने छात्र से ठगे 11.90 लाख
