लखीमपुर-खीरी: जोधपुर में एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने के बहाने छात्र से ठगे 11.90 लाख
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जोधपुर में डा. एसएन मेडिकल कालेज में में एमबीबीएस में दाखिला कराने के नाम पर एक युवक ने शहर निवासी एक छात्र से 11.90 लाख रुपए हड़प लिए। ठगी का अहसास होने पर छात्र और उसके परिवार के लोगों ने जब रुपए वापस करने का दबाव बनाया तो आरोपी ने रूपये देने से इंकार कर दिया। अब वह रुपए वापस मांगने पर जान माल की धमकी दे रहा है। कोर्ट के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला बाबूराम सररागनगर निवासी अमित कुमार ने बताया कि वह नीट की तैयारी कर रहा है। उसकी मोहल्ले के ही रविशंकर भार्गव से जान पहचान थी। रविशंकर भार्गव ने जोधपुर में स्थित डा एसएन मेडिकल कालेज में एमबीबीएस कोर्स करने में दाखिला कराने का वादा किया और कहा कि 12,00,000 लाख रुपये खर्च होगा और प्रवेश मिल जायेगा।
उसने यह बात अपने पिता को बताई। पिता ने भी आरोपी युवक से बातचीत की। आरोपी के पूरा आश्वासन देने पर पिता उसके पिता संतराम ने आठ बीघा जमीन बेचकर रविशंकर भार्गव को कई किश्तो में 11,90,000 लाख रुपए दे दिए। जिसमे से कुछ रूपया उसके बैंक अकाउन्ट में चेक और कुछ रूपया आरोपी बताये गये बैंक अकाउन्ट में चेक और नकद भी दिए गए, जिसका उसके पास प्रमाण भी है।
करीब पांच वर्ष बीत जाने के बाद भी आरोपी ने न तो उसका एमबीबीएस में डा एसएन मेडिकल कालेज जोधपुर में प्रवेश कराया गया और न ही अब तक रुपया वापस किया गया है। पीड़ित छात्र ने बताया कि इस बीच उसने और उसके पिता ने कई बार प्रवेश न हो पाने पर रुपए वापस करने की बात कही तो आरोपी आजकल करते हुए टरकाता रहा।
13 जून 2022 को जब उसने फिर रुपए वापस करने का दबाव बनाया तो आरोपी रविशंकर भार्गव मारपीट करने पर उतर आया। साथ ही रुपए देने से साफ इंकार कर दिया। दोबारा रुपए मांगने पर झूठी रिपोर्ट दर्ज कराकर एससीएसटी एक्ट में जेल भिजवाने की धमकी देने लगा। इससे उसका भविष्य अन्धेरे में आ गया है। रुपयों के कारण उसकी पढ़ाई भी ठप हो गई है। छात्र अमित कुमार का कहना है कि आरोपी अन्य कई लोगों से प्रवेश दिलाने के नाम पर ठगी कर चुका है।
सीजेएम कोर्ट के आदेश पर आरोपी रविशंकर के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर कड़ी कारवाई की जाएगी---चंद्रशेखर सिंह प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: आर्थिक तंगी से परेशान किसान ने फांसी लगा की आत्महत्या
