Chhath Puja 2023: दउरा और सूप की बिक्री को बाजारों में भीड़, छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर, घाटों पर शुरू हुई सफाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर है।

कानपुर में छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर है। घाटों पर सफाई शुरू हुई। दउरा और सूप की बिक्री को बाजारों में भीड़ उमड़ी।

कानपुर, अमृत विचार। भगवान सूर्य और छठी मइया के पूजन का पर्व छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। 17 नवंबर को नहाय खाय के साथ महापर्व की शुरुआत होगी। ऐसे में श्रद्धालुओं ने वेदियां बनाने के साथ ही पूजन से जुड़ी जरूरी सामग्री भी खरीदनी शुरू कर दी है। घरों में ठेकुआ बनाने के लिए गेहूं धुलकर सुखाए जा रहे हैं तो सूप, दउरा, दउरी , डलिया आदि की खरीदारी भी हो रही है। जो लोग बड़े स्तर पर छठ मइया के प्रसाद का वितरण करते हैं उन्होंने तो लोगों को निमंत्रण भी दे दिया है। 

छठ पूजन घाटों पर स्थित मंदिरों को भी संवारा और सजाया जा रहा है। नगर निगम ने नहरों की सफाई तो शुरू कर दी है लेकिन गति बहुत ही धीमी है। इससे श्रद्धालुओं में आक्रोश है। वे चाहते हैं कि जल्द से जल्द घाट साफ हो जाएं ताकि वहां पर वेदियां बनाने का कार्य नहाय खाय के दिन तक पूरा हो जाए।

छठ पूजन गंगा के तट पर होता है। सिद्धनाथ घाट, गंगा बैराज, मैस्कर घाट, गोला घाट पर हजारों भक्त छठी मइया का पूजन करेंगे और अस्ताचलगामी और उदयागामी सूर्य को अर्घ्य देकर सुख समृद्धि की कामना करेंगे।

व्रती महिलाएं मइया की महिमा से जुड़े गीत गाकर उन्हें प्रसन्न करेंगी। इसके साथ ही अर्मापुर, पनकी, सीटीआई नहर,बर्रा नहर, सचान चौराहा स्थित नगर, दबौली और गुजैनी के साथ ही डबल पुलिया से नमक फैक्ट्री चौराहा तक जाने वाले ग्रीन बेल्ट और शास्त्री नगर में कृत्रिम तालाब बनाए जाने हैं। 

विजय नगर में गुरुवार को बड़े पैमाने पर लोगों ने सूप, दउरा, दउरी खरीदा, पूजन के दिन व्रती महिलाओं के द्वारा नए कपड़े पहनने का विधान है। ऐसे में साड़ियां और श्रृंगार के सामान की खरीदारी भी खूब की जा रही है। विजय नगर सब्जी मंडी के पास लगी सूप, दउरी की दुकानों पर भीड़ के कारण जाम जैसी स्थिति रही। 

ये भी पढ़ें- Theft In Unnao: डाकखाना की तिजोरी खोल 16 लाख की चोरी… मचा हड़कंप, न कैमरे लगे और सुरक्षा व्यवस्था भी नहीं

संबंधित समाचार