बरेली: रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट में बचे छुट्टे पैसे कहां जमा होते हैं
बरेली, अमृत विचार। डाकघरों में रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट के शुल्क में पैसे लेने का हिसाब नहीं होने की जानकारी आरटीआई से मांगी गई। इस पर मुख्य डाकघर बरेली से जवाब दिया गया कि इस मद में कोई अतिरिक्त वसूली नहीं की जाती है। आरटीआई एक्टिविस्ट ने इस जवाब को गलत बताया है और वह उच्चाधिकारी से अपील करेंगे।
साहूकारा निवासी आशीष अग्रवाल ने डाक विभाग में केन्द्रीय जनसूचना अधिकारी को भेजे पत्र में कहा कि सभी डाकघरों में प्रतिदिन होने वाली रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट करने वाले ग्राहकों से 41.30, 70.80, 29.50, 17. 70 और 47.20 रुपये के बजाय क्रमशः 42, 71, 30, 18 और 48 रुपये लिए जा रहे हैं। जबकि रसीद में रुपये के बाद पैसों का भी जिक्र होता है।
उन्होंने जानकारी मांगी कि पैसे की जो अतिरिक्त धनराशि वसूली जाती है, उसे किस मद/ खाते में जमा किया जाता है। छुट्टा पैसे की समस्या है तो बचे पैसे से डाक टिकट दिये जा सकते हैं।
प्रवर डाक अधीक्षक की ओर से भेजे गये उत्तर में कहा गया कि डाकघरों में स्पीडपोस्ट/ रजिस्ट्री से कोई अतिरिक्त राशि नहीं ली जाती है। कुल बुकिंग अमाउंट में अमाउंट के भाग का 50 पैसे से अधिक होने पर अगली ऊपरी राशि और 50 पैसे से कम होने पर निचली पूर्ण राशि राउंड ऑफ में ली जाती है।
ये भी पढ़ें : बरेली: दो साल से मनरेगा कार्मिकों के भविष्य निधि खाते में नहीं पहुंच रहा अंशदान
