बरेली: छावनी परिषद के अधिकारी सक्रिय, फिर भी खनन जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। छावनी परिषद के अधिकारी अवैध खनन रोकने के लिए सक्रिय हो चुके हैं, इसके बावजूद छावनी क्षेत्र में खनन लगातार हो रहा है। रविवार सुबह 5 बजे तक कैंट में साईं स्टेडियम के पास स्थित कब्रिस्तान और श्मशान भूमि के आसपास जेसीबी से खनन कार्य किया गया लेकिन सूर्योदय से पहले ही खनन …

बरेली,अमृत विचार। छावनी परिषद के अधिकारी अवैध खनन रोकने के लिए सक्रिय हो चुके हैं, इसके बावजूद छावनी क्षेत्र में खनन लगातार हो रहा है। रविवार सुबह 5 बजे तक कैंट में साईं स्टेडियम के पास स्थित कब्रिस्तान और श्मशान भूमि के आसपास जेसीबी से खनन कार्य किया गया लेकिन सूर्योदय से पहले ही खनन करने वाले वापस चले गए।

खनन के इस खेल को रोकने के लिए छावनी परिषद की ओर से किए जा रहे प्रयास फिलहाल नाकाफी नजर आ रहे हैं। हालांकि, अवैध खनन को रोकने के लिए छावनी के मुख्य अधिशासी अधिकारी कौशल गौतम ने एसएसपी व अन्य अधिकारियों को पत्र भेजकर मदद मांगी है।

अमृत विचार अखबार के संवाददाता ने खनन स्थल पर जाकर मौके की पड़ताल की तो पता चला कि खनन माफिया ने अपने मुखबिर भी कई जगह बैठा रखे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि खनन माफिया के गुर्गे असलहों से लैस होकर रहते हैं, जिससे खनन रोकने वालों को धमकाकर भगाया जा सके।

कब्रिस्तान की ओर से मानपुर व कमालपुर जाने के लिए कच्चा मार्ग बना हुआ है। इस मार्ग पर छावनी के किशोर और युवा सुबह दौड़ लगाने भी जाते हैं। ऐसे में खनन माफिया ने अपने ट्रैक्टर-ट्रालियों से उस मार्ग को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। बच्चों का कहना है कि यहां पर रोज ट्रैक्टर ट्रालियां आती हैं और मिट्टी लेकर चली जाती हैं। इससे रनिंग ट्रैक को भी पूरी तरह खराब कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मिट्टी को 800 रुपये प्रति ट्रॉली के हिसाब से लालफाटक की ओर नए प्लाटों में डाली जाती है।

मिलीभगत के चलते अफसर खामोश
खनन का यह खेल मिलीभगत से लंबे समय से चल रहा है, लेकिन हकीकत उजागर होने के बाद भी अफसर चुप्पी साधे हुए हैं। खनन संबंधी सवाल पूछे जाने पर अफसर अनजान बन जाते हैं और खनन की अनुमति न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि आखिर जेसीबी से रात भर होने वाला खनन किसकी शह पर हो रहा है।

“छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी कौशल गौतम की ओर से एसएसपी समेत कई अन्य अधिकारियों को पत्र भेजे गए हैं, जल्द ही अवैध खनन में लिप्त लोगों पर कार्रवाई होगी।” -आरके महेश्वरी, अधिशासी अभियंता, छावनी परिषद

“छावनी परिषद की ओर से अभी तक कोई पत्र हमारे पास नहीं आया है। पत्र मिलने पर छावनी के अधिकारियों के साथ मिलकर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।” -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

“गोला बाजार में जो ट्रालियां खड़ी हैं, उन्हें खनन अधिकारी ने पकड़ा था। कैंट में अवैध खनन होने के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हो रहा है तो खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।” -धर्मेंद्र सिंह, कैंट इंस्पेक्टर

संबंधित समाचार