खत्म हुआ डेढ़ साल का गतिरोध, बरउवा गांव को मिली सस्ते दर की दुकान
सताँव/ रायबरेली, अमृत विचार। बीते डेढ़ साल मे अनेक बार बैठकें करने के बाद अन्ततः शुक्रवार को बरउवा पंचायत की आवाम को अपना कोटेदार मिल गया। तमाम प्रयासों का परिणाम रहा कि कोटेदार बिना किसी विरोध के चुन लिया गया। कोटेदार चयन को लेकर आयोजित बैठक मे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मौजूद रहे। चयन प्रक्रिया सदर के तहसीलदार की निगरानी में सम्पन्न हुई।
उल्लेखनीय है कि बरउवा ग्राम पंचायत में करीब 18 महीने से कोटेदार नहीं है। 18 महीने पहले यहाँ के कोटेदार रहे दिलीप कुमार ने अपना त्यागपत्र दे दिया था। कोटेदार न होने के कारण पंचायत क्षेत्र के कार्ड धारकों को सराय दिगोशा गाँव राशन लेने जाना पड़ता था। यद्यपि कोटेदार चयन को लेकर करीब 6 बार खुली बैठकें आयोजित की गईं, लेकिन हर बार की बैठकें बेनतीजा रहीं। शुक्रवार को एक बार फिर बैठक बुलाई गई। इस बैठक के लिए प्रशासन ने सदर के तहसीलदार को पर्यवेक्षक बनाया था। तहसीलदार की निगरानी में शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने तक केवल संगीत कुमार ने अपना आवेदन किया। चूँकि किसी अन्य ने कोटे की दूकान के लिए आवेदन नहीं किया, इसलिए अन्ततः संगीत कुमार का चयन कर लिया गया।
नये कोटेदार के चयन के लिए हुई बैठक में पंचायत सचिव ओम प्रकाश व एडीओ पंचायत प्राचीर सिंह के अलावा भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कोटेदार चयनित हो जाने पर बरउवा पंचायत क्षेत्र के लोगों ने खुशी जाहिर की। समूची चुनाव प्रक्रिया शान्तिपूर्ण माहौल मे सम्पन्न हो गई।
ये भी पढ़ें -रोडवेज की एसी,साधारण बसों का इतना प्रतिशत कम होगा किराया,यात्रियों में खुशी
