लखीमपुर खीरी: छाउछ के तीन मकानों से नगदी समेत छह लाख के जेवर चोरी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। चोरों ने छाउछ स्थित एक मकान और किराए के मकान में रह रहे दो अलग अलग लोगों के घरों का ताला तोड़ दिया। चोर तीनों घरों से तीस हजार रुपए की नगदी और करीब छह लाख के जेवर लेकर भाग निकले।

तीनों घटनाओ की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई है, लेकिन पुलिस ने जांच की बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कहकर फिलहाल पीडितों को टरका दिया है। यह तीनों वारदातें एलआरपी पुलिस चौकी क्षेत्र में हुईं हैं। घटना के बाद पुलिस गस्त तेज करने का दंभ तो भरती है, लेकिन धरातल पर गस्त नहीं होती।

छाउछ के ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस चौराहा तक तो रात में दिखती है, लेकिन गांव तक तभी आती है, जब कोई विवाद हो या किसी को पकड़ना हो। यदि पुलिस दूसरे तीसरे दिन भी एक बार गांव में घूम जाए तो अपराधियों में भय दिखे। ग्रामीणों का कहना है कि गस्त व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी हो गई है। अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं रह गया है। इससे लोग अब असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। 

वारदातः एक
दिवाली पर गांव गया था परिवार, चोरी की जानकारी हुई तो उड़े होश 
लखीमपुर खीरी। शहर से सटे गांव छाउछ निवासी विजय कुमार ने बताया कि वह 11 अक्तूबर को परिवार समेत अपने पैतृक गांव राजापुर कैमहरा गए थे। घर के मेन दरवाजे और कमरों में ताला पड़ा हुआ था। दिवाली के दो दिन पहले वह अकेले वापस आए और घर की साफ सफाई की। इसके बाद सोमवार को आए और दीपक जलाकर देर शाम ताला डालकर फिर वापस गांव चले गए। शुक्रवार को पड़ोसियों ने चोरी होने की जानकारी दी। जब वह घर पहुंचे तो मेन गेट और कमरों के ताले टूटे पड़े थे। सारा सामान खंगाला और बिखरा पड़ा था। यह देख उनके होश उड़ गए। सूचना पाकर एलआरपी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर वापस लौट गई। 

वारदातः दो 
मजदूर के घर से भी नगदी जेवर ले उड़े चोर
लखीमपुर खीरी।सीतापुर जिले के थाना लहरपुर के गांव कल्लीपुर निवासी राकेश कुमार प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता है और वह परिवार के साथ छाउछ में संतोष कन्नौजिया के किराए के मकान में रहता है। राकेश कुमार ने बताया कि भैया दूज में वह परिवार समेत घर गया था। शुक्रवार को जब वह पहुंचे तो कमरे का ताला टूटा और सामान बिखरा पड़ा था। चोर बक्सों का ताला तोड़कर दस हजार रुपए की नगदी, एक चांदी का कमर बिछुआ और  एक नाक की कील सोने की चोरी कर ले गए। 
 
वारदातः तीन

दिवाली और भैया दूज मनाने गए व्यक्ति के घर चोरी 
लखीमपुर खीरी।थाना नीमगांव के गांव मिर्जापुर निवासी कमलेश कुमार भी संतोष कन्नौजिया के मकान में किराए पर रहता है। वह भी दिवाली और भैया दूज मनाने के लिए घर गया था। शुक्रवार की सुबह वह वापस आ रहा था। रास्ते में मकान मालिक ने चोरी होने की जानकारी दी। चोर उसके कमरे में दस हजार रुपए की नगदी व एक सोने की अंगूठी चोरी कर ले गए हैं।

तीन घरों में चोरी होने की जानकारी मिली है। पुलिस मौके पर गई थी। जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कारवाई की जाएगी। 
-चंद्रशेखर सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर

ये भी पढ़ें : लखीमपुर खीरी: पत्नी ने पुत्र के साथ मिलकर पति की डंडों से पीटकर की हत्या

संबंधित समाचार