प्रयागराज : शुक्रवार को भी आंदोलित रहे शुआट्स के कर्मचारी, दस माह से नहीं मिला वेतन
नैनी/ प्रयागराज, अमृत विचार। शुआट्स कालेज (सैम हिगिन्नबॉटम यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर, टेक्नोलॉजी एंड साइंसेज) में वेतन को लेकर शुक्रवार को भी कर्मचारी आंदोलित रहे। यहां कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। सुबह ही कर्मचारी संस्थान में पहुंचकर वित्त विभाग के कार्यालय पर जमा हो गए। बाद में एसडीएम और एसीपी करछना ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों को समझाया। दोपहर बाद एडीएम सिटी भी वहां पहुंचे और कर्मचारियों को शांत कर आश्वस्त किया कि प्रशासन आप लोगों के साथ है, जल्द कुछ न कुछ हल निकलेगा।
शुक्रवार को एक बार फिर शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने वेतन को लेकर कालेज कैम्पस में प्रदर्शन किया। सूचना पर एसडीएम करछना और एसीपी ने फोर्स के साथ पहुंचकर कर्मचारियों को समझाकर शांत किया। कर्मचारियों ने फाइनेंस कार्यालय के सामने शुक्रवार को एक बार फिर इकठ्ठा हुए। इसकी सूचना मिलने पर एसडीएम करछना राजेश श्रीवास्तव और एसीपी करछना अजित सिंह चौहान मौके पर पहुंच गये। कर्मचारी वेतन की मांग को लेकर अड़े हुए हैं।
उनका कहना था कि कालेज प्रशासन ने 72 घंटे का समय दिया था। 16 नवंबर को सैलरी देने की बात की गयी थी। शुक्रवार को 72 घंटे का समय पूरा होगा। लेकिन कर्मचारियों के वेतन को लेकर कोई वार्ता नहीं हो सकी है। कई बार विरोध किया लेकिन कुछ नहीं हो सका। कर्मचारियों ने बताया कि वेतन को लेकर फाइनेंस का कोई भी कर्मचारी बात सुनने को तैयार नहीं है। कर्मचारियों की ओर से अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया है, जिसमें वेतन दिलाने, वित्तीय मामलों के लिए रिसीवर रखने आदि हैं। दोपहर बाद एडीएम सिटी भी शुआट्स पहुंचे और कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि मामले में जल्द कुछ न कुछ रास्ता निकलेगा। बताया गया कि शनिवार को कमिश्नर के यहां त्रिपक्षीय वार्ता होगी।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : हरिशंकर तिवारी के बेटे पूर्व विधायक विनय शंकर की 72.8 करोड़ की संपत्ति जब्त, ईडी ने की कार्रवाई
