बरेली: ‘सिविल एन्क्लेव से जल्द शुरू करें घरेलू उड़ान’
बरेली,अमृत विचार। सिविल एन्क्लेव (बरेली एयरपोर्ट) से घरेलू उड़ान शुरू होने में अब ज्यादा वक्त नहीं है। बरेली समेत राज्य के अन्य एयरपोर्ट से उड़ान शुरू कराने के लिए जिस तरह से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रूचि दिखा रहे हैं। उसे अच्छे संकेत के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिहाज …
बरेली,अमृत विचार। सिविल एन्क्लेव (बरेली एयरपोर्ट) से घरेलू उड़ान शुरू होने में अब ज्यादा वक्त नहीं है। बरेली समेत राज्य के अन्य एयरपोर्ट से उड़ान शुरू कराने के लिए जिस तरह से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रूचि दिखा रहे हैं। उसे अच्छे संकेत के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिहाज से नागरिक उड्डयन विभाग को बरेली, आगरा, हिंडन व कानपुर के एयरपोर्ट से जल्द उड़ान शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
सीएम की ओर से ‘सीएम ऑफिस यूपी’ ट्विटर हैंडल पर ट्विट कर इसकी जानकारी भी शेयर की गई है। ट्विट में यह भी कहा है कि बरेली समेत 25 हवाई अड्डों को विकसित करने की कार्रवाई को भी तेजी के साथ आगे बढ़ाया गया है। सीएम के इस ट्विट के बाद सिविल एन्क्लेव से जल्द उड़ान शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। बरेली-दिल्ली उड़ान के लिए पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। बरेली एयरपोर्ट पर दूसरा टर्मिनल भी तैयार हो चुका है। अन्य व्यवस्थाएं पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। टैक्सी ट्रैक निर्माण के साथ सुरक्षा इंतजामों भी किए जा चुके हैं।
बरेली एयरपोर्ट अथॉरिटी के नए निदेशक राजीव कुलश्रेष्ठ बताते हैं कि उड़ान शुरू कराने के लिए उनकी ओर से पूरी तैयारी है। दूसरे टर्मिनल में कुछ काम बचा है लेकिन उड़ान शुरू कराने के लिए कौन सी कंपनी आगे आएगी, इसको लेकर अभी कुछ नहीं कह सकते हैं। टर्बो एविएशन कंपनी के अधिकारी पूर्व में कई बार दौरा करने आए थे। उड़ान शुरू कराने के लिए टर्बो एविएशन की ओर से उनके पास कोई पत्राचार नहीं हुआ है। वह भी अखबारों के जरिए टर्बो एविएशन की तैयारी देख रहे हैं।
एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं से संतुष्ट हैं एलायंस एयर के अधिकारी
एलायंस एयर के सेफ्टी मैनेजर, दो पायलट समेत अधिकारियों ने अगस्त माह में बरेली एयरपोर्ट का दौरा किया था। उन्होंने छोटे और बड़े टर्मिनल का जायजा लिया। त्रिशूल एयरबेस के अधिकारियों के साथ भी बैठक की। कुछ ग्रामीणों से भी विचार साझा किए थे। रनवे, टैक्सी ट्रैक समेत सुरक्षा व्यवस्थाएं परखने के बाद एलाइंस एयर के अधिकारी बरेली एयरपोर्ट से उड़ान शुरू कराने के लिए संतुष्ट नजर आए थे। यहां से जाने के बाद कंपनी ने दिल्ली में उड्डयन मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। इस संबंध में एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक राजीव कुलश्रेष्ठ ने बताया कि एलाइंस एयर का अभी तक जवाब नहीं आया है। माना जा रहा है कि कंपनी उड़ान शुरू कराने की तैयार कर रही है लेकिन कोई पत्राचार होने पर इसे पुष्ट माना जा सकता है।
