World Toilet Day 2023: विश्व शौचालय दिवस पर 151 लाभार्थियों को बांटा गया स्वीकृत पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जायस/अमेठी, अमृत विचार। गांवों में खुले में शौच से मुक्ति दिलाने के लिए शासन की ओर से व्यक्तिगत शौचालय दिए जा रहे हैं। बावजूद इसके यह लाभ हर ग्रामीण को नहीं मिल पा रहा है। शत प्रतिशत पात्रों को लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाकर चार नवंबर तक पात्र लोग चिह्नित किए गए थे। रविवार को विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर ब्लाक सभागार में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता व पूर्व ब्लाक प्रमुख रमेश कुमार सिंह ने 151 लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र वितरित किया।

स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 के तहत व्यक्तिगत शौचालय को लेकर विशेष अभियान चलाए जाने के शासन के निर्देश मिले थे। इसमें कहा गया था कि खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) की स्थिति को बनाए रखने के लिए शौचालयों का निर्माण कराया गया है। समय-समय पर बढ़े परिवारों की सूचना के अनुसार शौचालय नहीं बन पा रहे हैं। इसमें काफी अंतर बताया जाता है। इस अंतर को खत्म करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। शासन से मिले निर्देशों पर विकास खण्ड बहादुरपुर में अभियान की शुरुआत की गई है। 

ताकि विकास खंड के सभी गंवों में शौचालय एवं सामुदायिक शौचालय के बीच के अंतर को पूरा किया जा सके। अभियान के तहत चार नवंबर तक छूटे हुए लाभार्थियों को चिह्नित कर एवं शौचालय के लिए सूची को तैयार किया गया। इसके बाद 6 नवंबर से 9 नवंबर तक गांव में कैंप लगाकर आवेदन लिए गए। 10 नवंबर से 13 नवंबर तक आवेदनों का सत्यापन तथा खंड विकास अधिकारी अथवा सहायक विकास अधिकारी पंचायत द्वारा ग्राम पंचायत वार सूची तैयार की गई।

इसके बाद 14 नवंबर से 27 नवंबर तक लाभार्थियों के लिए शौचालय निर्माण को लेकर प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है। ब्लाक सभागार में रविवार को विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता व पूर्व ब्लाक प्रमुख रमेश कुमार सिंह ने शौचालय निर्माण के लिए 151 लाभार्थियों को स्वीकृति आदेश पत्रों का वितरण किया गया। इसी तरह से दूसरा चरण 31 दिसंबर से एक जनवरी तक चलाया जाएगा। 

इसमें ग्राम पंचायत द्वारा ओडीएफ प्रमाण पत्र दिया जाएगा। एडीओ पंचायत अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शासन से मिले निर्देशों के तहत जिला अधिकारी द्वारा अभियान को लेकर दिशा निर्देश दिए गए हैं। अभियान की शुरुआत कर दी गई है। इस दौरान खण्ड विकास अधिकारी विजयंत सिंह, प्रधान प्रदीप सिंह उर्फ मुन्ना सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-World Cup 2023: विश्वकप के महामुकाबले को तैयार लखनऊ, कहीं हुआ पूजन तो कहीं हवन

 

संबंधित समाचार