हरदोई: क्या आत्महत्या करना चाहती थी प्रेमिका? थाने में बिगड़ी युवती की हालत, डाक्टरों ने बताया सस्पेक्टेड प्वाइजनिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। पुलिस ने प्रेमी संग फरार हुई प्रेमिका को तीसरे दिन ही बरामद कर लिया। उसे थाने लाया गया, जहां उसकी तबियत बिगड़ गई। इस बारे में पुलिस का कहना है कि किशोरी को चक्कर आ गया था, इस वजह से उसका इलाज कराया जा रहा है, वहीं मेडिकल कालेज के डाक्टरों ने बताया कि सस्पेक्टेड प्वाइजनिंग होने से किशोरी बीमार हुई थी, लेकिन उसकी हालत पहले से बेहतर है।

बताया गया है कि माधौगंज थाने के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी अपने प्रेमी के संग कहीं फरार हो गई थी। पुलिस ने किशोरी के पिता की तहरीर पर अंकित नाम के युवक के खिलाफ उसको बहला-फुसला कर भगा ले जाने का केस दर्ज किया और किशोरी को बरामद करने के लिए जुट गई। फरार होने के तीसरे ही दिन किशोरी बरामद कर ली गई। 

पुलिस उसे अपनी कस्टडी में ले कर थाने पहुंची। जहां उसकी तबियत बिगड़ गई। पहले तो पुलिस इस बारे मे कुछ बताने से बचती रही, लेकिन बाद में बोली कि किशोरी को चक्कर आ गया था,इस वजह से उसका इलाज कराया जा रहा है। वहीं सीएचसी माधौगंज से मेडिकल कालेज रिफर की गई किशोरी का इलाज करने वाले डाक्टरों का कहना है कि सस्पेक्टेड प्वाइजनिंग की वजह से किशोरी की हालत बिगड़ गई थी,अब पहले से काफी बेहतर है।

पुलिस की सख्त निगरानी में हो रहा इलाज
थाने में तबियत बिगड़ने के बाद मेडिकल कालेज में भर्ती कराई गई किशोरी के अगल-बगल पुलिस की सख्त निगरानी रखी जा रही है। उसके बेड के पास एक एसआई,एक कांस्टेबिल और एक महिला कांस्टेबिल की तैनाती की गई है। किशोरी के घर वालों के अलावा और किसी को भी उसके आसपास जाने नहीं दिया जा रहा है।

क्या आत्महत्या करना चाहती थी प्रेमिका?
मेडिकल कालेज के डाक्टरों पर यकीन किया जाए तो प्रेमी संग फरार हुई प्रेमिका की ज़हर खाने से हालत बिगड़ी थी।मतलब साफ है कि उसने ज़हर खा कर आत्महत्या करनी चाही थी। किशोरी ने कोई कीट नाशक दवाई पी थी,ऐसा बताया जा रहा है। फिलहाल इस सारे मामले को ले कर लोगों के बीच तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रहीं है।

ये भी पढ़ें -छठ पूजा महापर्व : सूर्य को अर्घ्य देने हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु, मेले जैसा दिख रहा नजारा

संबंधित समाचार