अयोध्या: विशेष सचिव ने घाटों का किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था मिली संतोषजनक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। घाटों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए रविवार को नगर विकास विभाग के विशेष सचिव एसपी पटेल अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ घाट प्रतियोगिता के संबंध में की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। दीपावली और छठ पूजा के उपलक्ष्य में घाटों पर स्वच्छता के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिसके अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले निकायों को सम्मानित भी किया जायेगा।

विशेष सचिव एसपी पटेल सर्वप्रथम गुप्तारघाट पहुंचे। निरीक्षण के दौरान घाट की सफाई व्यवस्था की सराहना की। छठ पर्व को देखते हुए निगम द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं व जनमानस को दी जाने वाली सुविधाओं के संबंध में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त से जानकारी प्राप्त की। किसी प्रकार की असहज स्थिति की संभावना के दृष्टिगत जिला प्रशासन और संबंधित अन्य विभागों से अंतरविभागीय समन्वय किये जाने के निर्देश दिए।

घाटों पर श्रद्धालुओं के सुरक्षार्थ पर्याप्त बैरिकेडिंंग और जनसुविधाओं के उपयोग के लिए जगह-जगह दिशासूचक साइनेज लगाये जाने के निर्देश दिए। इसके बाद अयोध्या स्थित आरती घाट, कच्चा घाट और चौधरी चरण सिंह घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घाटों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।

घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या के निरंतर आवागमन के कारण हो रही गंदगी के लिए कर्मचारी लगाने के निर्देश दिए।  निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त अंकिता शुक्ला, जोनल अधिकारी सुभाष चन्द्र त्रिपाठी, मुख्य सफाई व खाद्य निरीक्षक कमल कुमार आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: छठ पूजा: अस्ताचलगामी सूर्य को माताओं ने दिया अर्घ्य, पति व बच्चों के लिए भगवान भास्कर व छठी मइया से मांगा आशीष

संबंधित समाचार