Farrukhabad: शोहदे की छेड़छाड़ से आहत किशोरी ने लगाई फांसी, एंबुलेंस के अभाव में लोहिया अस्पताल में घंटों तड़पती रही

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में शोहदे की छेड़छाड़ से आहत किशोरी ने लगाई फांसी।

फर्रुखाबाद में शोहदे की छेड़छाड़ से आहत किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। एंबुलेंस के अभाव में लोहिया अस्पताल में घंटे भर तड़पती रही। परिजन रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव अमिलपुर में शोहदे की रोज-रोज की हरकतों से आजिज किशोरी ने फांसी लगा ली। समय रहते परिजनों से उसे फंदे से उतार लिया और लोहिया अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल में एक एंबुलेंस मौजूद न होने से पीड़िता एक घंटे तक वहीं तड़पती रही। बाद में एंबुलेंस के आने पर उसे सैफई मेडिकल में ले जाया गया।  

थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव अमिलपुर निवासी सपना (15) पुत्री ज्ञान सिंह को गांव का ही धीरज यादव लगातार परेशान कर रहा था। पिछले दो वर्ष पूर्व भी युवक ने छेड़छाड़ की थी। तबसे परिजनों ने किशोरी का स्कूल जाना भी बंद करा दिया था। पीड़िता के भाई सुखवीर ने बताया कि शनिवार शाम को बहन के साथ जा रही थी, तभी धीरज ने उसके साथ छेड़छाड़ की। बहन ने घर आकर परिजनों को घटना बताई।

सपना के भाई सुखवीर ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। परेशान किशोरी ने शनिवार रात पौने नौ बजे कमरे के कुंडे में दुपट्टा डाल फांसी लगा ली। भाभी ने कमरे में ननद को लटका देखा तो चीख पुकार मच गई। परिजनों ने काफी मुश्किल से किशोरी को फंदे से उतारा और आननफानन रात साढ़े दस बजे लोहिया अस्पताल में भर्ती करवाया।

ईएमओ डॉ नीरज वर्मा ने प्राथमिक उपचार के साथ किशोरी को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा। हालत में सुधार न होने पर रात ग्यारह बजे डॉक्टर ने सपना को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पीड़िता के भाई  सुखवीर ने करीब सात बार अलग-अलग नंबरों पर कॉल की, फिर भी एंबुलेस नहीं पहुंची।

उधर, पीड़िता की हालत गंभीर होती जा रही थी। करीब एक घंटे बाद एंबुलेंस के आने पर पीड़िता को सैफई के लिए रवाना किया जा सका। घटना की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष मऊदरवाजा आमोद कुमार सिंह फोर्स के साथ लोहिया अस्पताल पहुंचे और पीड़िता के परिजनों से घटना की जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार