किच्छा: बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी रिश्तेदार के घर से दबोचा
किच्छा/पुलभट्टा, अमृत विचार। टुकटुक रिक्शा पर बच्ची को घुमाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी रिक्शा चालक को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बॉर्डर पर स्थित रिश्तेदार के घर से दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
चार दिन पूर्व पुलभट्टा थाना अंतर्गत एक महिला ने सूचना दर्ज कराई थी कि वह काम के सिलसिले में घर से बाहर गई हुई थी। शाम करीब 3 बजे घर के सामने खेल रही उसकी 5 वर्षीय पुत्री को पुलभट्टा निवासी आरोपी ई-रिक्शा पर घुमाने का बहाना बनाकर अपने साथ ले गया। गन्ने के खेत में ले जाकर उसके साथ दुराचार किया। बच्ची के शोरी मचाने और लोगों को अपनी ओर आत देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
महिला की शिकायत के बाद थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पास्को एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलभट्टा थाना अध्यक्ष कमलेश भट्ट के नेतृत्व में एसआई दीपा अधिकारी, पुलिसकर्मी धर्मवीर सिंह, महेंद्र सिंह एवं दीपक बिष्ट की टीम ने सर्विलांस की मदद से आरोपी को उसके जीजा निवासी बहेड़ी के घर से गिरफ्तार कर लिया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि बच्ची का पूर्व में ही मेडिकल कराया जा चुका है तथा पकड़ा गया आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है।
