आगामी लोस चुनाव में 12 सीटों पर चुनाव लड़ेगा रालोद: अनिल दूबे
अयोध्या। राष्ट्रीय लोकदल के प्रवक्ता अनिल दूबे ने प्रदेश सरकार से गन्ने का मूल्य 400 रुपये क्विंटल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रालोद-सपा इंडिया गठबंधन का अटूट हिस्सा है। आने वाले लोकसभा के चुनाव में इंडिया गठबंधन के तहत राष्ट्रीय लोकदल बारह सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है।
अनिल दूबे बीकापुर विधानसभा में सोहावल ब्लॉक के तहसीनपुर टोल प्लाजा पर एक होटल में प्रदेश महासचिव विश्वेष नाथ मिश्र द्वारा आयोजित विस्तार कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रालोद के जिला अध्यक्ष बलराम यादव व संचालन अवध क्षेत्र के अध्यक्ष चौ. राम सिंह पटेल ने किया। अनिल दूबे ने कहा कि रालोद हमेशा गांव, गरीब व किसान की लड़ाई लड़ता रहा है। बीकापुर विधानसभा में राष्ट्रीय लोकदल का दबदबा रहा है, जिसे अपने पुराने स्वरूप में लाया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार पूर्णतया हर मुद्दे पर फेल है। हमारी पार्टी के साथी गांव गांव जाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत के विचारों को बताएं। अवध क्षेत्र के अध्यक्ष चौ. रामसिंह पटेल ने मुख्य अतिथि दूबे और प्रदेश महासचिव मनोज सिंह चौहान का स्वागत किया।
बैठक में युवा लोकदल के जिला अध्यक्ष अनिल वर्मा, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार मिश्रा, युवा महासचिव गौतम तिवारी, रज्जन मिश्रा, सूरत शर्मा व संतोष मिश्रा आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: 38वीं इंदिरा मैराथन: देश भर के 560 नामचीन धावकों में जसवंत और रेनू ने हासिल किया पहला स्थान
