हल्द्वानी: हल्दूचौड़ के भाजपाईयों ने पार्टी से इस्तीफे की दी धमकी

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। हल्दूचौड़ और आसपास के भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शासन-प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है और पार्टी से इस्तीफा देने की बात कही है। इस बात से भाजपा संगठन में हड़कंप मचा हुआ है। संगठन के उच्च पदाधिकारी डैमेज कंट्रोल में जुट गए हैं।

हल्दूचौड़ के गंगापुर कबडवाल गांव में गौशाला बनाए जाने की तैयारी चल रही है। कई परिवारों की 65 बीघा भूमि को बंजर घोषित करते हुए शासन और प्रशासन भूमि अधिग्रहण करने की कार्यवाही कर रहा है। इससे क्षुब्ध होकर क्षेत्र के भाजपाई इस्तीफा देने की तैयारी कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है की उनकी कई पीढ़ियां इस जमीन में खेती कर चुकी है। अब प्रशासन इसे बंजर घोषित करके लोगों का उत्पीड़न कर रहा है।

ग्रामीणों के विरोध के बाद यहां रहने वाले भाजपा नेताओं ने भी ग्रामीणों का साथ देने की बात कही है। साथ ही पीड़ित ग्रामीणों में भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हैं। आक्रोशित भाजपा नेताओं का कहना है कि समस्या का हल नहीं मिला तो सभी कार्यकर्ता संगठन को अलविदा कहने का मन बना चुके हैं। कई जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जब उनकी खेती और कृषि ही नहीं बचेगी तो वह फिर पार्टी संगठन में रहकर क्या करेंगे? इधर जब ये खबर भाजपा संगठन के उच्च पदाधिकारियों के पास पहुंची तो संगठन में हड़कंप मचा हुआ है। कोशिश की जा रही है कि मामले को जल्द संभाला जाए।

इन्होंने जताया है आक्रोश
हल्द्वानी। आक्रोश जताने वालों में मुख्य रूप से ग्राम प्रधान जयपुर बीसा दिनेश आर्य, ग्राम प्रधान गंगापुर कबड़वाल ललित सनवाल, पूर्व ग्राम प्रधान खीमानंद कविदयाल, उप प्रधान हेम चंद्र कपिल, पूर्व अध्यक्ष किसान सेवा समिति मोहन सुयाल, पूर्व अध्यक्ष गन्ना समिति राजीव कबड़वाल, पूर्व डायेक्टर नैनीताल दुग्ध संघ लाल सिंह धपौला शामिल हैं। इनके अलावा भाजपा बूथ अध्यक्ष नीरज कबड़वाल, महेश चंद्र, राहुल सुवाल, राजेंद्र सिंह, किसान मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय कवड्वाल, उप प्रधान जयपुर बीसा भूपेश चंद्र कविदयाल, भाजपा कार्यकर्ता महेश चंद्र कविदयाल, उमेश चंद्र गरवाल, प्रकाश जोशी, दिनेश चंद्र कबड़वाल समेत कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा देने की धमकी दी है। 

मैं अभी नैनीताल में हूं। मेरे पास मामले की सूचना आ चुकी है। मंगलवार को हल्द्वानी पहुंच रहा हूं और कार्यकर्ताओं से बात करूंगा। जो भी शिकायत होगी उसे दूर करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

-प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष, भाजपा

संबंधित समाचार