राम रहीम आज आ सकता है जेल से बाहर, 21 दिन की फरलो मंजूर
रेप और हत्या के मामले में अपनी सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम आज जेल से बाहर आ सकता है। दरअसल, एक दिन पहले ही हरियाणा सरकार ने उसकी 21 दिनों की फरलो मंजूर की थी।
यह फरलो मिलने के बाद राम रहीम इस साल ही तीसरी बार जेल से बाहर होगा। सोमवार को जैसे ही राम रहीम की फरलो मंजूर हुई, जेल मुख्य जेल चौक पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।
वहीं बताया जा रहा है कि राम रहीम जेल से बाहर आने पर उत्तर प्रदेश के बागपत के आश्रम में रहेगा। वह इससे पहले इसी साल जुलाई में पैरोल में जेल से बाहर आया था. वह अब तक सात बार जेल से बाहर आ चुका है। बता दें कि पैरोल देना राज्य का अधिकार होता है और यह जेल में कैदी के अच्छे व्यवहार के तहत दी जाती है।
कब-कब जेल से बाहर आया है राम रहीम
24 अक्टूबर 2020: गुरमीत राम रहीम 24 घंटे के सीक्रेट पैरोल पर जेल से बाहर निकाला गया था। राम रहीम को मिली ये पैरोल इतनी गुप्त थी कि पूरे हरियाणा में इसकी मात्र 4 लोगों को जानकारी थी।
21 मई 2021: गुरमीत राम रहीम को 48 घंटे की कस्टडी पैरोल मिली थी। सुनारिया जेल से सुबह सवा छह बजे गुरमीत को परोल पर बाहर निकाला गया और राम रहीम बीमार मां से मिलने के लिए गुरुग्राम गया।
7 फरवरी 2022: राम रहीम को तब 21 दिनों की पैरोल दी गई थी। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के रिहाई के बाद गुरुग्राम के आश्रम पहुंचने पर पुष्प वर्षा कर अनुयायियों ने स्वागत किया था। सुनारिया जेल से बाहर आने के बाद गुरमीत राम रहीम अपने परिजनों के साथ गुरुग्राम आश्रम गया था।
जून 2022: राम रहीम पर हरियाणा सरकार एक बार फिर मेहरबान हुई थी और उसे एक महीने की पैरोल दी गई थी। जेल से बाहर आने के बाद राम रहीम बागपत स्थित अपने आश्रम में गया था।
अक्टूबर 2022: राम रहीम को 40 दिनों की पैरोल दी गई। पैरोल से बाहर निकलने के बाद राम रहीम बागपत के बरनावा आश्रम पहुंचा था।
21 जनवरी 2023: राम रहीम को तब हरियाणा सरकार ने 40 दिन की पैरोल मंजूर की थी. डेरा प्रमुख शाह सतनाम की जयंती में शामिल होने के लिए यह पैरोल दी गई. इससे पहले राज्य सरकार ने हाई कोर्ट में राम रहीम के हार्ड क्रिमिनल नहीं होने का हलफनामा दिया था.
20 जुलाई 2023: 7वीं बार फिर डेरा प्रमुख को पैरोल मिली. ये 30 दिन की थी. जेल प्रशासन ने राम रहीम को सिरसा डेरे में जाने की इजाजत नहीं मिली थी और वह फिर यूपी के बागपत में स्थिति बरनावा आश्रम में रहा था।
ये भी पढ़ें- बिहार में दर्दनाक सड़क हादसा, मधेपुरा डीएम की सरकारी गाड़ी का एक्सीडेंट, तीन की मौत
