
संभल: मुठभेड़ के बाद दो गो तस्कर गिरफ्तार, दो साथी फरार
बनियाठेर क्षेत्र के गुमथल रोड पर हुई मुठभेड़
संंभल/चन्दौसी, अमृत विचार। बनियाठेर थाना क्षेत्र के गुमथल मार्ग पर पुलिस व गो तस्करों की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो गो तस्कर घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी भागने में सफल रहे। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है। दोनों गो तस्करों ने थाना क्षेत्र के गांव जनेटा के तालाब में गोवंशीय पशुओं के अवशेष डालने का जुर्म कबूल किया है। दोनों गो तस्करों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
सोमवार की रात करीब साढ़े 12 बजे थाना बनियाठेर के प्रभारी राकेश कुमार पुलिस बल के साथ गश्त कर रहे थे। गुमथल मार्ग पर जाते समय उन्हें बाईपास के नीचे दो बाइकों पर चार लोग जाते दिखाई दिए। पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। उन्होंने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग करनी शुरू कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बाइक पर सवार दो आरोपी पैर में पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। जबकि दूसरी बाइक पर सवार उनके दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने घायल आरोपियों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। घटना की सूचना मिलने पर एएसपी श्रीशचंद्र, सीओ प्रदीप कुमार, सीओ बहजोई दीपक कुमार, कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद फरार हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने कांबिंग की, मगर सफलता हाथ नहीं लग सकी।
एएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी बड़े स्तर के गो तस्कर हैं। पकड़ा गया काजिम अली गांव संजना मुस्लिम थाना गुन्नौर और इनामुल हक तख्तपुर मियां सराय कोतवाली संभल का निवासी है। इन्होंने ही थाना क्षेत्र के संभल मार्ग स्थित गांव जनेटा के तालाब में गोवंशीय पशुओं का वध करके उनके अवशेष डाले थे। पकड़े गए आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य मामले दर्ज हैं। पुलिस को आरोपियों की कई दिन से तलाश थी। पकडे़ गए आरोपियों से उनके फरार हुए साथियों के नाम-पते की जानकारी की जा रही है। उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें:- तिजोरी में बंद होंगी रोटी, बंदूक का रहेगा पहरा : राकेश टिकैत
Comment List