बरेली: कपड़ा व्यापारी से जैकेट मंगाकर डेढ़ लाख की ठगी
बरेली/ बहेड़ी, अमृत विचार: बहेड़ी में ठगों ने कपड़ा कारोबारी से करीब डेढ़ लाख का सामान ठग लिया। कारोबारी ने पुलिस से शिकायत की है। गांव नीचा बहादुर गंज निवासी मुश्ताक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव में ही उसका जैकेट बनाने का कारखाना है। 15 तारीख को दो लोग उनके पास आए और करीब 1.58 लाख का माल पसंद कर अगले दिन ले जाने की बात कही।
अगले दिन फोन करके उन्होंने जब माल लेकर आ जाने को कहा तो जीएसटी बिल काटने के लिए आधार कार्ड भेजने को उनसे कहा गया। जीएसटी बिल कटने के बाद माल लेकर बहेड़ी आने पर फोन करके दोनों लोगों को बुलाया तो वे उसे धोबी तालाब के पीछे की बस्ती में ले गए और माल उतारने को कहा। रुपये मांगने पर उन्होंने कुछ रुपये कम होने की बात कहकर आनलाइन भुगतान करने को कहा।
फिर किसी से रुपये मंगाने के लिए फोन करके उसे अपने साथ रोड के दूसरी तरफ ले आए और झांसा देकर अचानक गायब हो गये। शक होने पर जब उतारे गए सामान के पास जाकर देखा तो सामान भी गायब था और फोन भी बंद हो गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
