जाति जनगणना कराने से डर रही है भाजपा : कांग्रेस
कांग्रेस शासित राज्यों में चल रही है जाति आधारित जनगणना
बाराबंकी, अमृत विचार। प्रदेश कांग्रेस के संगठन सचिव अनिल यादव ने बुधवार को कहा कि भाजपा सरकार जातीय जनगणना कराने से डर रही है। कांग्रेस पार्टी जाति जनगणना कराने के लिए वचनबद्ध है। देश में जहां कहीं कांग्रेस पार्टी की सरकारें हैं वहां जातीय जनगणना कराने का काम चालू है। जाति जनगणना से ही आबादी की हकीकत सामने आएगी और भागीदारी के हिसाब से उसे न्याय मिलेगा। आज हम देश तथा प्रदेश सरकार से जातीय जनगणना का फार्म भरवा कर उन्हें प्रेषित करके जातीय जनगणना की मांग करते हैं और आपको विश्वास दिलाते हैं कि यदि 2024 में कांग्रेस पार्टी की केंद्र में सरकार बनती है तो प्राथमिकता के आधार पर जाति जनगणना का काम होगा।
संगठन सचिव विकासखंड सिरौलीगौसपुर के ग्राम चंदनपुरवा में जाति जनगणना करो-आरक्षण बढ़ाओ सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस पिछड़ा विभाग के अध्यक्ष रामकुमार लोधी द्वारा किया गया। जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन ने किया। विशिष्ठ अतिथि के रूप में रामनगर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी ज्ञानेश शुक्ला मौजूद थे।
विशिष्ठ अतिथि ज्ञानेश शुक्ला ने प्रदेशीय संगठन सचिव अनिल यादव का स्वागत करते हुए कहा कि जातीय जनगणना कराना वर्तमान समय की जरूरत है जिसके लिए कांग्रेस पार्टी की जहां हमारी सरकारे हैं वहां जाति जनगणना कराने का केंद्रीय नेतृत्व द्वारा दिया जा चुका है और आज हम प्रदेश एवं देश की सरकार से हस्ताक्षर अभियान चलाकर देश के प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री से जोरदार शब्दों में मांग करते हैं की जाति जनगणना तत्काल कराई जाए जिससे सभी को आबादी के हिसाब से हक मिल सके।
कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन ने कहा कि जाति जनगणना के बिना अधिकारों की भागीदारी नहीं हो सकती। सम्मेलन के अंत में कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के जिला अध्यक्ष रामकुमार लोधी ने सभी का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में अकील अंसारी मोइनुद्दीन अंसारी उमेश यादव रंजीत यादव नरेंद्र वर्मा अजय वर्मा उमाकांत वर्मा सहित सैकडो की संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।
ये भी पढ़ें -बहराइच में घटतौली और अवैध वसूली पर भड़क उठे किसान, किया प्रदर्शन
