प्रदेश में ग्रामीण पर्यटन की अपार संभावनाएं, चयन में ग्राम पंचायतें लें सकती हैं हिस्सा, बोले मंत्री जयवीर सिंह

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बुधवार को कहा कि सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांवों के चयन के लिए ग्राम पंचायतें अपनी पहल पर पर्यटन गांव प्रतियोगिता में भाग ले सकती हैं। इसके लिए ग्राम पंचायतों को पर्यटन विभाग के पोर्टल पर आवेदन करना होगा। इसके अलावा कोई संस्था अथवा सरकारी विभाग भी किसी गांव को प्रतियोगिता में शामिल करने के लिए ऑनलाइन नामांकित कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में ग्रामीण पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। क्योंकि अब गांव परंपरागत खेती के साथ-साथ व्यावसायिक खेती की ओर भी बढ़ रहे हैं। कई गांवों में प्रमुखता से आर्गेनिक खेती भी हो रही है। इसके अलावा ज्यादातर गांवों के पास ऐतिहासिक मंदिर, विरासत और भ्रमण के लिए दर्शनीय स्थल हैं। पर्यटन के मद्देनजर बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। एक पर्यटक के आने से छह लोगों को रोजगार मिलता है। इस हिसाब से ग्रामीणों के सामने रोजगार का बड़ा अवसर होगा।

जयवीर सिंह ने बताया कि पर्यटन विभाग ने प्रदेश के 229 गांवों को चिह्नित किया है जिसे पर्यटन गांव के रूप विकसित किया जाएगा। इसके अलावा वे गांव भी जहां पर्यटन स्थल हैं और पर्यटक आते हैं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव प्रतियोगिता-2024 में हिस्सा ले सकती हैं। इसके लिए उन्हें विभागीय पोर्टल पर आवेदन करना होगा।कोई संस्था और सरकारी विभाग भी किसी गांव को प्रतियोगिता के लिए आनलाइन नामांकित कर सकते हैं।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की ओर से पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांवों के चयन के लिए प्रतियोगिता कराई जाती है। मंत्रालय प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण यानी सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव प्रतियोगिता-2024 के लिए हेरिटेज, एग्री टूरिज्म, क्राफ्ट, ग्रीन विलेज, वाइब्रेंट विलेज, स्पिरिचुअल और वेलनेस, स्वच्छ गांव, एडवेंचर समेत कुल 11 श्रेणियों में अलग-अलग गांवों का चयन किया जाएगा। जैसे हेरिटेज में जो गांव चुना जाएगा, उसे सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव हेरिटेज कहा जाएगा। इसके तहत तीन स्तर पर प्रतियोगिता होगी। पहली प्रतियोगिता जिला स्तर पर, दूसरी प्रतियोगिता राज्य स्तर पर और तीसरी व अंतिम प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर पर होगी।

यह भी पढ़ें: रायबरेली: पेड़ पर बकरियों के लिए पत्ती तोड़ रहा किशोर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया, मौत, कोहराम

संबंधित समाचार