लापरवाही: गटर में गिरा दो वर्षीय मासूम, तड़प-तड़प कर तोड़ा दम
रामपुर, अमृत विचार। खेमपुर में देर शाम दो वर्षीय मासूम पानी से भरे गटर में गिर गया। करीब 1 घंटे बाद परिजनों की बच्चे पर नजर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। बच्चे को किसी तरह पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना अजीम नगर थाना क्षेत्र के गांव खेमपुर की है। गांव निवासी रिजवान ने बुधवार को सफाई के लिए घर के आंगन में बने गटर को खोला था। बताते हैं कि गटर को खुला ही छोड़ दिया। इस दौरान रिजवान का दो वर्षीय बेटा गुड्डू घर के आंगन में खेल रहा था।
खेलते-खेलते बच्चा घर के आंगन में पानी से भरे गटर में गिर गया। करीब 1 घंटे बाद घर वालों की जब नजर पड़ी तो परिजनों के होश उड़ गए। परिजन एवं आस पड़ोस के लोगों ने किसी तरह बच्चे को पानी के गटर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक मासूम की मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: धमोरा एफसीआई में ड्यूटी पर जा रहे पल्लेदार की सड़क हादसे में मौत, मचा कोहराम
