रायबरेली: अलाव ताप रहे दो लोगों पर अनियंत्रित होकर पलटा राख लदा टैंकर, एक की मौत, दूसरा गंभीर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राही, रायबरेली। लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग पर सड़क के किनारे अलाव ताप रहे दो लोगों पर एनटीपीसी से राख लेकर जा रहा तेज रफ्तार टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें दबकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लखनऊ के ट्रामा सेंटर ले जाया गया है। यह हादसा शुक्रवार की प्रातः लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग पर मुंशीगंज बाजार में हुआ है।

भदोखर थाना क्षेत्र के झकरासी निवासी बद्री प्रसाद (62 वर्ष) रोजाना की भांति शुक्रवार घर से सुबह टहलने गए थे। मुंशीगंज बाजार में दरियापुर निवासी धर्मेन्द्र यादव से उनकी मुलाकात हो गई। दोनों लोग राजमार्ग के किनारे बैठकर कूड़ा को जलाकर आग ताप रहा था। पास में ही सड़क के किनारे धर्मेन्द्र का घर भी है, उन्हीं के घर से जलाने के लिए कूड़ा लाया गया था।

इसी बीच ऊंचाहार थर्मल पावर हाऊस से राखी लादकर जा रहा तेज रफ्तार टैंकर अनियंत्रित होकर  पलट गया। जिसमें अलाव ताप रहे दोनों लोग दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने दौड़कर किसी प्रकार टैंकर में दबे दोनों लोगों को बाहर निकाला।

उसके बाद एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां बद्री प्रसाद को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। वहीं धर्मेन्द्र यादव का प्राथमिक उपचार कर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक के पलटने से यह हादसा हुआ है, जिसमें बद्री प्रसाद की मौत हो गई है तथा धर्मेन्द्र यादव को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

यह भी पढ़ें: बहराइच: जयमाल कार्यक्रम से पहले अलाव में जल गया दुल्हन का भाई, लखनऊ ले जाते समय हुई मौत, मचा कोहराम

संबंधित समाचार