लखनऊ : नर्सिंग ऑफिसर भर्ती परीक्षा 26 नवंबर को, 4000 से अधिक पर्यवेक्षक होंगे तैनात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। नर्सिंग ऑफिसर भर्ती परीक्षा 26 नवंबर को होगी। इस परीक्षा को कराने का जिम्मा किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय ने उठाया है। यह परीक्षा पांच शहरों में एक साथ आयोजित की जायेगी। जिन शहरों में परीक्षा आयोजित होनी हैं उनमें आगरा, ग्रेटर नोएडा, प्रयागराज, गोरखपुर और लखनऊ शामिल है। परीक्षा के लिए इन पांच शहरों में 134 केंद्र बनाये गये हैं। जिसमें 4000 से अधिक पर्यवेक्षक तैनात होंगे। जिसमें केजीएमयू के लगभग 300 पर्यवेक्षक होंगे।

इस परीक्षा में पारदर्शिता बनाये रखने और सुरक्षा की दृष्टि से केजीएमयू की तरफ से निगरानी के लिए उन्नत तकनीक एआई का इस्तेमाल किया जायेगा। इस परीक्षा में 63,000 से अधिक उम्मीदवार भाग लेने वाले हैं। नकली पहचान बनाकर परीक्षा देने वालों को बख्शा नहीं जायेगा। इस तरह का कोई भी मामला सामने आने पर उसे पुलिस को सौंप दिया जाएगा। उम्मीदवार की पहचान की सटीकता के लिए उम्मीदवारों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा।

केजीएमयू प्रशासन की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि परीक्षा पेपर-पेन आधारित होगी, जिसमें नकारात्मक अंकन के साथ 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की नीति के अनुसार, उम्मीदवारों को केवल अपने प्रवेश पत्र और आधार कार्ड के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। किसी भी पेन, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, या विभिन्न प्रकार के आभूषणों सहित धातु की वस्तुओं की अनुमति नहीं होगी। उच्चतम स्तर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर शारीरिक और मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। परीक्षा में हिस्सा लेने उम्मीदवार अपना प्रवेश पत्र केजीएमयू की आधिकारिक वेबसाइट kgmu.org से डाउनलोड कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : डायबिटीज से पीड़ित मरीजों के लिए खतरनाक है पैरों में घाव

संबंधित समाचार