बरेली: फिर बढ़ाई तारीख, अब 30 तक ऑनलाइन भरे जाएंगे परीक्षा फार्म

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

परीक्षा फार्म भरने के लिए लगातार विद्यार्थी हो रहे परेशान, स्नातक विषम सेमेस्टर के भरे जा रहे परीक्षा फार्म, दिसंबर में होनी है परीक्षा

बरेली,अमृत विचार : स्नातक विषय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं की परीक्षा फार्म भरने की दिक्कत दूर नहीं हो रही है। अभी भी विद्यार्थी कॉलेजों और रुहेलखंड विश्वविद्यालय में चक्कर लगा रहे हैं। विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन फॉर्म भरने की तिथि बढ़ाकर 25 नवंबर और फॉर्म कॉलेज में जमा करने की 26 नवंबर की थी लेकिन 26 को रविवार और फिर सोमवार को भी कार्तिक पूर्णिमा का अवकाश है, ऐसे में छात्र कैसे फॉर्म जमा करते।

इसकी वजह से अब विश्वविद्यालय में ऑनलाइन फॉर्म जमा करने की तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी है। अब छात्र एक दिसंबर तक फॉर्म कॉलेज में जमा कर सकते हैं। स्नातक प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर के परीक्षा फार्म 6 नवंबर से ऑनलाइन भरे जा रहे हैं। इसके अलावा स्नातक और परास्नातक के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के फार्म भी 8 नवंबर से भरे जा रहे हैं। फार्म भरने की अंतिम तिथि 20 नवंबर निर्धारित की गई थी।

परीक्षा फार्म भरने के दौरान छात्रों को विषय परिवर्तन और एबीसी आईडी की वजह से फॉर्म भरने में दिक्कत हुई। इसके अलावा दिवाली की छुट्टी की वजह से भी छात्र फॉर्म नहीं भर सके। छात्रों की परेशानी की वजह से विश्वविद्यालय में परीक्षा तिथि 25 नवंबर बढ़ाई थी, लेकिन तीन दिन में छात्र फॉर्म नहीं भर पाए। शनिवार को भी काफी संख्या में छात्र फॉर्म न भरने की समस्या लेकर विश्वविद्यालय पहुंचे, इसके बाद तिथि एक बार फिर बढ़ा दी गई।

परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार के मुताबिक नई शिक्षा नीति के तहत बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए और बीएससी गृह विज्ञान प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर के संस्थागत और बैक परीक्षा के फार्म अब 30 नवंबर तक ऑनलाइन भरे जाएंगे। विद्यार्थियों को 1 दिसंबर तक ऑनलाइन शुल्क जमा कर कॉलेज में फार्म जमा करना होगा।

महाविद्यालयों को 2 दिसंबर तक ऑनलाइन फार्म सत्यापित करने होंगे। वहीं बीलिब, एमलिब, बीकॉम वित्त एवं वित्तीय सेवा, बीसीए पुराना पाठ्यक्रम, पीजीडीसीए और एमएसडब्ल्यू के प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर के फार्म भी 30 नवंबर तक ऑनलाइन भरे जाएंगे।

परास्नातक द्वितीय सेमेस्टर की प्रयोगात्मक परीक्षा 30 तक: विश्वविद्यालय ने परास्नातक द्वितीय सेमेस्टर की प्रयोगात्मक और मौखिक और आंतरिक परीक्षा की तिथि भी बढ़ा दी है। परीक्षा नियंत्रक के मुताबिक अब महाविद्यालयों को 30 नवंबर तक परीक्षा कराकर अंक वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे। इसके बाद अंक स्वीकार नहीं होंगे और परिणाम रोक दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें - बरेली: किसान मेला में 138 लाभार्थियों को मिला 19.84 करोड़ का ऋण

संबंधित समाचार